Giridih News: चाईबासा में आदिवासियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपाइयों ने दहन किया सीएम का पुतला

Published by : MAYANK TIWARI Updated At : 28 Oct 2025 11:44 PM

विज्ञापन

Giridih News: चाईबासा में आदिवासी ग्रामीणों पर लाठीचार्ज की घटना के खिलाफ भाजपाइयों ने मंगलवार को जेपी चौक के समक्ष मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया. इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी.

विज्ञापन

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने कहा कि चाईबासा में आदिवासी समाज के लोगों ने एनएच और चाईबासा बाईपास पर दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की थी, ताकि लगातार हो रहे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके. लेकिन उल्टा प्रशासन के द्वारा आंदोलन कर रहे आदिवासियों पर लाठीचार्ज और आंसू के गोले छोड़े गये और कई लोगों को झूठे केस करके जेल भेज दिया गया. कहा कि झारखंड की अबुआ सरकार ने हमेशा आदिवासियों पर लाठी चलाने का काम किया है.

आदिवासी लोग नो इंट्री की मांग कर रहे थे

आदिवासी लोग ””””नो इंट्री”””” की मांग कर रहे थे, जिन्हें इस सरकार ने बेरहमी से दबाने का काम किया है. श्री साव ने कहा कि इस आदिवासी विरोधी सरकार ने आदिवासियों को सिर्फ आघात करने का काम किया है, जिसने आदिवासी समाज के नाम पर राज्य में सत्ता हासिल की और आज उसी समाज को लाठीचार्ज और झूठे मुकदमे झेलने पड़ रहे हैं. कहा कि पहले भोगनाडीह में वीर सिदो-कान्हू के वंशजों पर लाठी चार्ज, फिर गोड्डा में समाजसेवी आदिवासी समाज के उभरते हुए चेहरा सूर्या हांसदा का फर्जी एनकाउंटर, फिर नगड़ी में अपनी जमीन बचाने के लिए आंदोलनरत किसानों पर लाठीचार्ज व आंसू गैस से हमला और कल देर रात चाईबासा में आंदोलन कर रहे आदिवासियों पर लाठी चार्ज किया गया. ऐसा लगता है मानो इस सरकार ने आदिवासियों को सबसे आसान टारगेट समझ रखा है. श्री साव ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार जहां भी लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात को रखते हैं व आन्दोलन करते हैं, उन आंदोलनों को शासन प्रशासन के द्वारा कुचलने का काम करती है. श्री साव ने परिवहन विभाग पर भी तंज कसते हुए कहा कि आज सड़कों पर लोगों की जान जा रही है लेकिन विभाग कोई कार्यवाही नहीं कर रही है. इसके लिए जिला प्रशासन सहित हेमंत सरकार भी दोषी है. श्री साव ने लाठी चार्ज घटना की निंदा करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराकर राज्य सरकार से दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है. मौके पर इनके अलावे भाजपा जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, जिला महामंत्री संदीप डंगेच, रंजीत राय, संजीव सिंह, सुभाषचंद्र सिन्हा, अनूप सिन्हा, विनय सिंह, मिथुन चंद्रवंशी, राजेश जायसवाल, सुरेश मंडल, श्रेयांश सिन्हा, पंचानंद वर्मा, नागेश्वर दास, अमर सिन्हा, सूरज साव, अमित तर्वे, आदित्य यादव आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MAYANK TIWARI

लेखक के बारे में

By MAYANK TIWARI

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola