रफ्तार के कहर ने छीन ली चार की जिंदगी

Updated at :16 Apr 2018 4:44 AM
विज्ञापन
रफ्तार के कहर ने छीन ली चार की जिंदगी

पंचेत : बीरभूम जिले के मल्लारपुर कॉलेज के समीप सड़क दुर्घटना में मारे गये सभी चारों लोग व घायल शनिवार की देर रात पंचेत से तारापीठ के लिए रवाना हुए थे. ये लोग बांग्ला नववर्ष पर मां तारा की पूजा-अर्चना करने जा रहे थे. सभी मनीष सिंह की फोड फिगो कार संख्या जेएच 10 एएक्स-3919 […]

विज्ञापन
पंचेत : बीरभूम जिले के मल्लारपुर कॉलेज के समीप सड़क दुर्घटना में मारे गये सभी चारों लोग व घायल शनिवार की देर रात पंचेत से तारापीठ के लिए रवाना हुए थे. ये लोग बांग्ला नववर्ष पर मां तारा की पूजा-अर्चना करने जा रहे थे. सभी मनीष सिंह की फोड फिगो कार संख्या जेएच 10 एएक्स-3919 पर सवार थे. कार मिंटू साव चला रहा था. ये लोग तारापीठ पहुंचने वाले थे. मंदिर से करीब 25 किमी पहले मल्लारपुर कॉलेज के पास हादसा हुआ था.
रॉड लदा एक खराब ट्रक सड़क पर खड़ा था. टर्निंग होने के कारण कार का चालक नियंत्रण नहीं रख सका और तीव्र गति वाहन खड़े ट्रक के पीछे जोर से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गये. घटना की सूचना पाकर रामपुर व सिउड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत करने के बाद कार को ट्रक से अलग किया गया. घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गयी थी. गौतम राय गंभीर रूप से घायल थे. आनन-फानन में गौतम को समीप के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें दुर्गापुर भेजा गया. चारों शव का पोस्टमार्टम कराया परिजन को सौंप दिया गया.
नियति को कोस रहे थे परिजन : दुर्घटना में मारे गये लोगों के शव घर आते ही चीख-पुकार मच गयी. परिजन व हर आने-जाने वाला नियति को कोस रहा था. मासस नेता व जिप सदस्य दिल मोहम्मद, मुखिया अनीता गोराईं सहित काफी संख्या में नेता, पंचायत प्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों के लोग ढाढ़स बंधाने पहुंचे. मृतक खैरक्यारी निवासी मिहिर गोप व महेश नदी गांव के राजेश मंडल का शव उनके गांव पहुंचा, तो वहां भी मातम पसर गया. जानकारी मिलने पर भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख गणेश मिश्रा, मन्नु तिवारी, सफीर खान, अशोक गुप्ता सहित अन्य मनीष सिंह, मिंटू साव एवं मिहिर गोप के घर पहुंच शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाये. विधायक अरूप चटर्जी रात 9.30 बजे पंचेत एवं खैरक्यारी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाया. उन्होंने पंचायत समिति सदस्य मनीष सिंह, मिंटू साव, मिहिर गोप के परिजन से घटना की जानकारी प्राप्त की. एग्यारकुंड प्रखंड के पंचायत समिति सदस्य भी मनीष सिंह के घर पहुंच शोक व्यक्त किया. मृतकों का दाह संस्कार रात में ही करने का कार्यक्रम था.
रात में ही रामपुर पहुंचे परिजन
एक्सीडेंट की खबर मिलने पर देर रात मनीष सिंह के भाई सुजीत सिंह, भाजपा नेता दीनानाथ मरांडी, बांदा पूर्व पंचायत की मुखिया के पति हलधर धीवर सहित अन्य मृतकों के परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गये. घटना के बाद से डीवीसी कॉलोनी, खैरक्यारी, महेश नदी सहित अन्य स्थानों पर मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
अपनी छवि से मनीष ने बनायी थी अलग पहचान
मनीष सिंह पहली बार पंचायत समिति का चुनाव लड़े व जीत गये. वह कोयला कारोबार से भी जुड़े थे. स्थानीय लोगों के अनुसार, मनीष व्यवहार कुशल व्यक्ति थे. खैरक्यारी निवासी मिहिर गोप बंदा पूर्व की मुखिया साधना धीवर का कामकाज देखते थे. डैम साइड निवासी चालक मिंटू साव विवाहित था. महेश नदी निवासी राजेश मंडल व गौतम राय के साथ इन लोगों की मित्रता थी. गौतम राय की ससुराल पंचेत के सोनाबाद गांव में है. मनीष सिंह काे एक पुत्र व एक पुत्री है, जबकि मिहिर गोप काे एक पुत्र व चार पुत्रियां हैं. एक पुत्री का विवाह इसी माह हुआ है. चालक मिंटू साव काे एक छोटा बच्चा है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola