प्रसव के दौरान महिला की मौत, एएनएम पर लापरवाही का आरोप , आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम के दौरान | Prabhat Khabar Network

खरौंधी में प्रसव के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाकर सड़क जाम किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

गढ़वा . खरौंधी थाना क्षेत्र के बैतरी गांव निवासी धर्मेंद्र यादव की पत्नी माया देवी की बुधवार शाम करीब 6.30 बजे अमरोरा उपस्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान मौत हो गयी. महिला की मौत के बाद परिजनों ने एएनएम चंचला कुमारी पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर खरौंधी-भवनाथपुर मुख्य पथ को पंचायत भवन मझिगांवा के सामने करीब तीन घंटे तक जाम रखा.

समय पर रेफर नहीं करने का लगाया आरोप

मृतका के पति धर्मेंद्र यादव ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर माया देवी को अमरोरा उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था. प्रसव के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी. परिजनों का आरोप है कि महिला की स्थिति गंभीर होने के बावजूद उसे समय पर बेहतर इलाज के लिए रेफर नहीं किया गया. धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि रेफर करने की बात कहने पर एएनएम ने दो हजार रुपये की मांग की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी मां सरिता देवी ने जब माया देवी को रेफर करने के लिए जोर दिया, तो एएनएम ने उनके साथ मारपीट की. परिजनों के अनुसार, घटना के बाद एएनएम वहां से चली गयीं.

ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद बैतरी गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. इसके बाद लोगों ने सड़क पर उतरकर कार्रवाई और मुआवजे की मांग शुरू कर दी. सूचना मिलने पर खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, भवनाथपुर थाना प्रभारी रंजनी रंजन और पुलिस इंस्पेक्टर गुलाब सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया.

कार्रवाई के आश्वासन के बाद हटा जाम

अधिकारियों की ओर से एएनएम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. इसके बाद करीब तीन घंटे बाद सड़क जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य हुआ. परिजनों ने अमरोरा उपस्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था और प्रसव के दौरान उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जांच कराने की मांग की है. महिला की मौत का वास्तविक कारण और इलाज में कथित लापरवाही हुई या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

पति के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी

खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम ने बताया कि मृतका के पति धर्मेंद्र यादव के आवेदन पर एएनएम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें: रेलवे स्टेशन की कैंटीन संचालक की संदिग्ध मौत, सांप के डसने की आशंका

एएनएम से मांगा गया स्पष्टीकरण

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दिनेश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में एएनएम चंचला कुमारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है. उनका जवाब मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें: मेराल थाना प्रभारी की कार्यशैली पर गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने खोला मोर्चा

सड़क जाम के दौरान | Prabhat Khabar Network
सड़क जाम के दौरान | Prabhat Khabar Network
सड़क जाम के दौरान | Prabhat Khabar Network
सड़क जाम के दौरान | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola