रेलवे स्टेशन की कैंटीन संचालक की संदिग्ध मौत, सांप के डसने की आशंका
दया पांडेय( फाइल फोटो)| Prabhat Khabar Network
गढ़वा के नगर ऊंटरी रेलवे स्टेशन पर कैंटीन संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। सांप के डसने की जताई जा रही आशंका, परिजनों में मचा कोहराम।
आपके शहर में
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा). नगर ऊंटरी रेलवे स्टेशन पर कैंटीन का संचालन करने वाले जासा गांव निवासी दया पांडेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, दया पांडेय की मौत की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
कैंटीन में निकला था सांप
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को रेलवे स्टेशन स्थित दया पांडेय की कैंटीन में एक सांप निकल आया था. सांप को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. दया पांडेय ने अपने साथियों की मदद से सांप को मार दिया था.
सांप को मारने के बाद सब कुछ सामान्य था. इसके बाद रात में दया पांडेय कैंटीन में ही बैठे हुए थे. इसी दौरान पलामू एक्सप्रेस के आने का समय हुआ और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की चहल-पहल बढ़ गई.
यात्रियों ने दी स्टेशन कर्मियों को सूचना
रात में कुछ यात्री सामान खरीदने के लिए कैंटीन पहुंचे. यात्रियों ने दया पांडेय को आवाज लगाई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो यात्रियों को संदेह हुआ.
इसके बाद यात्रियों ने स्टेशन कर्मियों को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने पर स्टेशन कर्मी कैंटीन के अंदर पहुंचे. वहां दया पांडेय अचेत अवस्था में पड़े मिले.
अनुमंडलीय अस्पताल से गढ़वा किया गया रेफर
स्टेशन कर्मियों ने आनन-फानन में दया पांडेय को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा रेफर कर दिया.
परिजन और अन्य लोग उन्हें इलाज के लिए गढ़वा लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दया पांडेय को मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: सतर्क रहें : राजधानी में स्वाइन फ्लू की दस्तक, रिम्स व निजी लैब की जांच में अब तक 24 संक्रमित
सांप के डसने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि सांप को मारने के कुछ घंटे बाद दया पांडेय को उसी सांप ने डस लिया होगा. हालांकि, उनकी मौत वास्तव में सांप के डसने से हुई या किसी अन्य कारण से, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: मेराल थाना प्रभारी की कार्यशैली पर गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने खोला मोर्चा
मिलनसार स्वभाव के थे दया पांडेय
दया पांडेय अपने मिलनसार स्वभाव के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे. बताया जाता है कि वे रेलवे स्टेशन से जुड़े कार्यों में भी सहयोग करते थे. उनकी अचानक मौत की खबर से जासा गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, दया पांडेय को जानने वाले लोगों ने उनकी मौत पर गहरा दुख जताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए