तीन क्विंटल मिलावटी मिठाई को जब्त कर किया नष्ट

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 22 Apr 2026 10:14 PM

विज्ञापन

एसडीएम के नेतृत्व में शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों में की गयी छापेमारी

विज्ञापन

एसडीएम के नेतृत्व में शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों में की गयी छापेमारी प्रतिनिधि, गढ़वा मिलावटी और नकली मिठाइयों की लगातार शिकायतों के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई दुकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान करीब तीन क्विंटल संदिग्ध, मिलावट युक्त और खराब मिठाइयों को जब्त किया गया. जब्त मिठाइयों को नगर परिषद की स्वच्छता टीम की मदद से जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबा दिया गया, ताकि उनका पुनः उपयोग न हो और न ही कोई जानवर उसे खा सके. छापेमारी में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री श्रीवास्तव, नगर प्रबंधक और पुलिस बल के जवान भी मौजूद थे. इस अभियान में बस स्टैंड और रंका मोड़ सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गयी. इससे पहले अगस्त में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए 50 क्विंटल मिठाइयां जब्त कर नष्ट की गयी थीं और जुर्माना लगाया गया था, बावजूद इसके व्यापारी पुनः सक्रिय हो गये हैं. मिठाइयों पर चांदी की जगह किया गया था एल्यूमिनियम वर्क जांच में कई दुकानों से खराब मिठाइयां बरामद हुईं. कुछ दुकानों में मिठाई में मानक रंगों की बजाय होली में इस्तेमाल होने वाले रंग मिलाये जाने की पुष्टि हुई. इसके अलावा चांदी के वर्क की जगह एल्यूमिनियम वर्क का उपयोग भी पाया गया, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है. प्राथमिक जांच में पता चला कि अधिकांश नकली मिठाइयों की आपूर्ति औरंगाबाद, गया जैसे क्षेत्रों से हो रही है और स्थानीय प्लास्टिक कारोबार से जुड़े लोग भी इसमें शामिल हैं. एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को सभी नमूनों की जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाने के निर्देश दिये हैं.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola