गढ़वा को नशामुक्त जिला बनाना लक्ष्य : उपायुक्त

उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य नशामुक्त गढ़वा बनाना है
गढ़वा. उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य नशामुक्त गढ़वा बनाना है और इसके लिए प्रशासन हर स्तर पर सख्त और ठोस कदम उठाने को प्रतिबद्ध है. डीसी ने आमजन से भी अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की जानकारी मिले, तो प्रशासन को अवगत कराये. मंगलवार को श्री यादव ने समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में मादक पदार्थों की तस्करी व रोकथाम से संबंधित बैठक की,बैठक में गढ़वा जिले में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी व इसके दुष्प्रभाव को रोकने हेतु ठोस रणनीति पर चर्चा की गयी. बैठक में पुलिस उपाधीक्षक एवं ड्रग इंस्पेक्टर ने इसे लेकर अब तक हुए कार्रवाई से उपायुक्त को अवगत कराया. बैठक में कहा गया कि अगली बैठक से ड्रग इंस्पेक्टर बैठक का नेतृत्व करेंगे तथा संबंधित सभी विवरण प्रस्तुत करेंगे,साथ ही अगली बैठक में सचिव, अध्यक्ष, नारकोटिक्स विभाग के हेड, केमिस्ट तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाये, ताकि इस गंभीर समस्या पर समन्वित और ठोस निर्णय लिया जा सके. बैठक में जिले के स्कूलों-कॉलेजों में नशा विरोधी जनजागरूकता अभियान चलाने, दवा दुकानों की नियमित जांच करने, तथा मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर समन्वित कार्रवाई करने पर भी विशेष बल दिया गया.बैठक में डीसी श्री यादव ने कहा कि जिले में अफीम, गांजा, चरस एवं अन्य मादक पदार्थों की खेती या तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी . सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया .डीसी ने कहा कि यह केवल औपचारिक बैठक भर नहीं है, बल्कि जिले की सुरक्षा और आने वाले भविष्य की दिशा तय करने वाला ठोस कदम है.बैठक में वन पदाधिकारी उत्तरी एवं दक्षिणी, पुलिस उपाधीक्षक, सामान्य शाखा प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी रंका, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अधीक्षक उत्पाद, जिला तंबाकू नियंत्रण पदाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




