गढ़वा में 92.63% गणना प्रपत्रों का वितरण, 2.28 लाख से अधिक का डिजिटाइजेशन पूरा

Updated:
विज्ञापन
ओकेःः गढ़वा में 92.63% गणना प्रपत्रों का वितरण, 2.28 लाख से अधिक का डिजिटाइजेशन पूरा

समीक्षा करते उपायुक्त | Prabhat Khabar Network

गढ़वा में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान तेज, 92.63% गणना प्रपत्र वितरित. 29 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश, मतदाताओं से सहयोग की अपील.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, गढ़वा

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चलाये जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है. अब तक जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 957 ईपी पार्ट्स का डाउनलोड और प्रिंटिंग कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. बीएलओ की ओर घर-घर जाकर अब तक कुल 7,98,580 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 92.63 प्रतिशत है. इसके अलावा प्राप्त प्रपत्रों में से 2,28,567 का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया जा चुका है, जिनमें से 440 प्रपत्र ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं और 2,28,127 प्रपत्रों का बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन भी पूर्ण कर लिया गया है. मैपिंग कार्य के तहत जिले में 94,905 प्रपत्रों की मैपिंग और 1,29,020 प्रोजेनी मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि महज 4,202 प्रपत्रों की मैपिंग शेष है.

गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रगति विधानसभा वार आंकड़ों पर नजर डालें, तो गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 पंजीकृत मतदाता हैं. इस क्षेत्र में अब तक 3,78,893 गणना प्रपत्र वितरित किये जा चुके हैं. वहीं 1,06,231 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 255 का ऑनलाइन सबमिशन और 1,05,976 प्रपत्रों का सत्यापन बीएलओ द्वारा पूरा किया जा चुका है. दूसरी ओर भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,431 मतदाता सूचीबद्ध हैं. यहां अब तक 4,19,687 गणना प्रपत्रों का वितरण किया गया है, जिनमें से 1,22,336 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 185 का ऑनलाइन सबमिशन और 1,22,151 प्रपत्रों का सत्यापन सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है.

लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : डीसी

एसआइआर कार्य को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक विस्तृत समीक्षा बैठक की. बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बीएलओ और सुपरवाइजर शामिल हुए. उपायुक्त ने कहा कि यह भारत निर्वाचन आयोग की अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध प्रक्रिया है. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता कतई स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाये जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी.

29 जुलाई तक हर हाल में कार्य पूर्ण करने का निर्देश

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आगामी 29 जुलाई 2026 तक अभियान से जुड़े सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाये, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन समय पर किया जा सके. उपायुक्त श्री मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की. उन्होंने कहा कि जब बूथ लेवल पदाधिकारी आपके घर पहुंचें, तो उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करायें. गणना प्रपत्र को पूरी सावधानी और सही जानकारी के साथ भरकर समय पर जमा करें और अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य करायें.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola