गढ़वा: कांडी थाना के सामने आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा, चार घंटे जाम रही सड़क

कांडी :-जाम में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
कांडी में ओमप्रकाश चंद्रवंशी की संदिग्ध मौत के बाद ग्रामीणों ने थाना के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गढ़वा: कांडी के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के श्रीनगर गांव निवासी 25 वर्षीय युवक ओमप्रकाश चंद्रवंशी की संदिग्ध मौत मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार ग्रामीणों ने हंगामा किया. आक्रोशित लोगों ने कांडी थाना के गेट के सामने भवनाथपुर–कांडी–मंझिआंव मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. लगभग चार घंटे तक ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इस कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शीघ्र कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम की सूचना मिलते ही गढ़वा के एसडीपीओ दिल्लू लोहरा कांडी थाना पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. शुरुआत में वार्ता बेनतीजा रही. इसके बाद एसडीपीओ के निर्देश पर बीडीओ राकेश सहाय, कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम, हरिहरपुर ओपी प्रभारी मोहम्मद नसीम अंसारीइन अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया. कार्रवाई के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोग वापस लौट गये.
ससुराल जाने के बाद से लापता था युवक, जंगल में मिला था शव
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों व परिजनों ने बताया कि श्रीनगर निवासी कुलदीप चंद्रवंशी का पुत्र ओमप्रकाश चंद्रवंशी बीते 24 जून को अपने ससुराल ढबरिया (कांडी) गया था. इसके बाद 1 जुलाई को उसकी पत्नी मेनका कुमारी ने कांडी थाना में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी. चार जुलाई को मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के भैराहा पहाड़ स्थित जंगल में एक पेड़ से लटकता हुआ ओमप्रकाश का शव बरामद हुआ. परिजनों का आरोप है कि मृतक के चेहरे पर तेजाब भी डाला गया था, जिससे यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है.
शादी के दो महीने बाद ही घटी घटना
मृतक के पिता कुलदीप चंद्रवंशी ने बताया कि उनके पुत्र का विवाह इसी वर्ष 28 अप्रैल 2026 को ढबरिया गांव निवासी उदय चंद्रवंशी की पुत्री मेनका कुमारी के साथ हुआ था. परिजनों ने इस घटना में मृतक की पत्नी की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच करने की मांग की है. परिजनों ने बताया कि घटना के संबंध में कांडी थाना में लिखित आवेदन देकर सभी संदिग्धों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की गयी थी. हालांकि, आवेदन दिये जाने के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा किसी की गिरफ्तारी नहीं की गयी, जिससे लोगों में आक्रोश है.
वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर हो रही जांच: एसडीपीओ
गढ़वा के एसडीपीओ दिल्लू लोहरा ने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है. घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किये जा रहे हैं और वैज्ञानिक व तकनीकी आधार पर भी अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा रहा है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा. पर्याप्त साक्ष्य मिलते ही संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: ग्रेजुएट ट्रेंड टीचरों को मिलेगा समान वरीयता और अपग्रेड वेतन का लाभ, झारखंड हाईकोर्ट का आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










