वरीय अधिकारियों ने किया गबन, मामले की गहनता से जांच हो

अनाज घोटाले में आरोपी सहायक गोदाम प्रबंधक की पत्नी ने रखा पक्ष
अनाज घोटाले में आरोपी सहायक गोदाम प्रबंधक की पत्नी ने रखा पक्ष प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा जिले के केतार स्थित गोदाम से 9003 क्विंटल राशन गायब होने के बाद गढ़वा उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देश पर सहायक गोदाम प्रबंधक राजीव कुमार को निलंबित कर दिया गया है. इस मामले को उजागर होने के बाद आरोपी सहायक गोदाम प्रबंधक न तो किसी अधिकारी का फोन रिसीव कर रहे हैं और न ही प्रखंड कार्यालय आ रहे हैं. केतार प्रखंड के अधिकारियों ने बताया कि व्हाट्सएप पर छुट्टी की सूचना देकर वह गायब हैं. इसी बीच आरोपी सहायक गोदाम प्रबंधक राजीव कुमार के सोशल मीडिया एकाउंट से एक वीडियो साझा कर उनकी पत्नी पुष्पा कश्यप ने अपने पति का पक्ष रखा. साथ ही इस मामले में कई नये सवाल भी उठाये हैं. अपने पति को निर्दोष बताते हुए पुष्पा ने कहा इस पूरे प्रकरण में उसके पति को बलि का बकरा बनाया जा रहा है. जबकि इस मामले में वरीय अधिकारियों की भी भूमिका हैं. इसलिए इस मामले की गहनता से जांच जरूरी है. गोदाम में जब अनाज ही नहीं पहुंचा, तो मेरे पति दोषी कैसै हो गये ? पुष्पा कश्यप ने सोशल मीडिया में जारी वीडियो में कहा कि केतार गोदाम में 250 मीट्रिक टन अनाज रखने की क्षमता है. इससे अधिक अनाज यहां नहीं रखा जा सकता है. जिस 27 ट्रक अनाज गबन के मामले में उनके पति राजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है, दरअसल यह अनाज केतार गोदाम पहुंचा ही नहीं. उन्होंने कहा कि सभी ट्रक में जीपीएस लगे हैं. यह जांच में पूरी तरह स्पष्ट भी हो जायेगा मामले में दोषी कौन है. जब केतार में 27 ट्रक पहुंचा ही नहीं तो मेरे पति इसे गायब कैसे कर सकते हैं. पुष्पा ने आरोप लगाया कि वरीय पदाधिकारियों के मिलीभगत से राशन का गबन कर मेरे पति पर झूठा आरोप लगाकर उन्हें फंसाया जा रहा है. इसलिए इस मामले की गहराई के साथ जांच जरूरी है, ताकि वास्तविक दोषी सामने आ सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




