ePaper

धनतेरस पर गढ़वा के बाजारों में लौटी रौनक, ग्राहकों को लुभा रहे आकर्षक ऑफर

Updated at : 15 Oct 2025 8:39 PM (IST)
विज्ञापन
धनतेरस पर गढ़वा के बाजारों में लौटी रौनक, ग्राहकों को लुभा रहे आकर्षक ऑफर

धनतेरस पर गढ़वा के बाजारों में लौटी रौनक, ग्राहकों को लुभा रहे आकर्षक ऑफर

विज्ञापन

जितेंद्र सिंह, गढ़वा धनतेरस पर्व को लेकर गढ़वा के बाजारों में रौनक लौट आयी है. शहर की गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक दुकानों में साज-सज्जा और ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गयी है. दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया है ताकि खरीदारों का ध्यान अपनी ओर खींचा जा सके. आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के शोरूमों में इन दिनों त्योहार की तैयारी जोरों पर है. धनतेरस को शुभ खरीदारी का दिन माना जाता है. इस दिन लोग सोना-चांदी, वाहन और घरेलू उपकरण खरीदना शुभ समझते हैं. यही कारण है कि बाजारों में इस बार विशेष ऑफरों की भरमार है. आभूषणों को छोड़कर लगभग सभी उत्पादों पर ग्राहकों के लिए आकर्षक उपहार, छूट और कैशबैक की घोषणाएं की जा रही हैं. दुकानदारों को उम्मीद है कि इस बार धनतेरस पर बाजार की चमक पहले से अधिक होगी और व्यापार में उल्लेखनीय उछाल आयेगा. ऑफरों से उत्साहित हैं ग्राहक : मणिभद्र सिंह जेएमडी हीरो शोरूम के निदेशक मणिभद्र सिंह ने बताया कि ग्राहकों के लिए इस बार विशेष ऑफर रखे गये हैं. बाइक की खरीद पर चांदी का सिक्का, डिक्की, हेलमेट, सीट कवर, पांच लीटर पेट्रोल और लकी ड्रॉ के माध्यम से 40 इंच की टीवी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार ग्राहकों में अधिक उत्साह है और अनुमान है कि धनतेरस पर एक हजार से अधिक बाइक की बिक्री होगी. 500 बाइक की बिक्री की उम्मीद : जयंत लाल गुप्ता साईं शोभानंद होंडा शोरूम के संचालक जयंत लाल गुप्ता उर्फ बबलू गुप्ता ने बताया कि जीएसटी दरों में कमी से ऑटोमोबाइल व्यापार में सुधार हुआ है और ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि इस धनतेरस पर उनके शोरूम में 500 से अधिक बाइक बिकने की संभावना है. ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए हेलमेट, पांच लीटर पेट्रोल, डिक्की, दो से दस हजार रुपये तक का कैशबैक और होंडा साइन 100 बाइक खरीदने पर एक टीवी उपहार के रूप में दी जा रही है. इलेक्ट्रॉनिक बाजार में ऑफरों की बहार : अरुण पटवा इलेक्ट्रॉनिक प्लाजा के संचालक अरुण पटवा ने बताया कि इस बार इलेक्ट्रॉनिक बाजार में ग्राहकों को लुभाने के लिए कई आकर्षक ऑफर दिये गये हैं. चुनिंदा उत्पादों पर 45 प्रतिशत तक की छूट, बड़े पैनल एलसीडी पर मिक्सी फ्री, 43 इंच टीवी पर मात्र 900 रुपये की ईएमआई सुविधा और सभी उत्पादों पर निश्चित उपहार रखे गए हैं. साथ ही, क्यू एलईडी टीवी की खरीद पर बजाज फाइनेंस से एक किश्त फ्री की सुविधा भी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि भले ही बाजार में फिलहाल मंदी का असर है, लेकिन उम्मीद है कि त्योहारी खरीदारी से रौनक लौट आयेगी. आभूषण बाजार में अस्थिरता बनी हुई है : सूर्यदेव सोनी सुहाग महल आभूषण प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर सूर्यदेव सोनी और रमेश सोनी ने बताया कि इस बार सोना-चांदी के बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. वर्तमान दर के अनुसार चांदी 2200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रही है, जिसमें मूर्ति, सिक्का, बिस्किट और बर्तन जैसी वस्तुएं शामिल हैं. वहीं, पांच ग्राम सोने का सिक्का 68 हजार रुपये और 10 ग्राम का सिक्का 1.36 लाख रुपये में उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि बाजार में स्थिरता नहीं रहने के कारण कीमतें आने वाले दिनों में और बढ़ सकती हैं. बावजूद इसके, उन्हें उम्मीद है कि धनतेरस का बाजार अच्छा रहेगा. त्योहार से बढ़ी बाजार की चमक व्यापारी संगठनों का मानना है कि इस बार धनतेरस और दीपावली पर ग्राहकों की भीड़ पिछले वर्ष की तुलना में अधिक होगी. लोगों की आय में सुधार और खरीदारी की प्रवृत्ति में बढ़ोतरी से बाजार में नया उत्साह देखा जा रहा है. दुकानदार ग्राहकों को बेहतर सेवा और आकर्षक ऑफर देकर बिक्री बढ़ाने में जुटे हैं. कुल मिलाकर, धनतेरस पर गढ़वा का बाजार उत्सवमय माहौल में डूबा हुआ है. जहां एक ओर ग्राहक खरीदारी की योजना बना रहे हैं, वहीं व्यापारी भी सज-धज कर ग्राहकों का स्वागत करने को तैयार हैं. त्योहार की रौनक ने गढ़वा शहर के बाजारों को जगमगा दिया है, और उम्मीद है कि इस बार व्यापारियों की थाली सचमुच “धन” से भर जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola