गढ़वा में सर्पदंश से युवक की मौत: बाड़ी की सफाई के दौरान कोबरा ने डंसा, छह माह पहले हुई थी शादी; पत्नी गर्भवती

Updated:
विज्ञापन

गढ़वा के नरखोरिया खुर्द में बाड़ी की सफाई के दौरान कोबरा के डंसने से 29 वर्षीय युवक की मौत. छह माह पहले हुई थी शादी, पत्नी है गर्भवती. गांव में मातम का माहौल.

विज्ञापन

श्री बंशीधर नगर से गौरव पांडेय की रिपोर्ट

गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया खुर्द गांव में सर्पदंश से 29 वर्षीय युवक अमित कुमार (पिता- वासुदेव प्रसाद) की दर्दनाक मौत हो गई. घटना गत मंगलवार शाम की है. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद शाम में बांकी नदी तट स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया.

बाड़ी में सफाई के दौरान कोबरा ने डंसा

जानकारी के अनुसार, अमित कुमार मंगलवार की शाम अपने घर के पास स्थित बागवानी (बाड़ी) में उगे घास-पतवार की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान एक विषैले कोबरा सांप ने उन्हें डंस लिया. परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, वे आनन-फानन में अमित को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल श्री बंशीधर नगर ले गए. हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मौत के बाद भी झाड़-फूंक

अस्पताल में मौत घोषित होने के बावजूद बदहवास परिजन आस नहीं छोड़े. वे शव को लेकर सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले स्थित लोढ़ी जिला अस्पताल पहुंचे. वहां भी डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन अंधविश्वास के चक्कर में पड़कर झाड़-फूंक भी कराते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. अंततः परिजन रोते-बिलखते शव लेकर गांव लौटे.

छह माह पूर्व हुई थी शादी

मृतक अमित कुमार की शादी महज छह माह पूर्व ही हुई थी और उनकी पत्नी वर्तमान में गर्भवती हैं. अमित की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम का माहौल पसरा हुआ है. घटना की सूचना मिलने पर गुलाब फार्मेसी एवं गुलाब कॉलेज के निदेशक डॉ. संतोष कुमार मृतक के आवास पर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया तथा परिजनों को ढांढस बंधाया.


विज्ञापन
Avinash Singh

लेखक के बारे में

By Avinash Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola