गढ़वा का तालाब बना काल, 9 और 11 साल की दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत

Updated:
विज्ञापन
Garhwa Pond Incident

गढ़वा का अकेलवा तालाब जहां दो मासूम बच्चियों की मौत हुई और उसके आस-पास खड़े ग्रामीण

Garhwa Pond Incident: गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के पतहरिया कला गांव में अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम सहेलियों प्रियांशु (9 वर्ष) और सुशीला (11 वर्ष) की मौत हो गई. मंगलवार से लापता बच्चियों के शव बुधवार सुबह तालाब से बरामद हुए.

विज्ञापन

गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट

Garhwa Pond Incident, गढ़वा : गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पतहरिया कला गांव में बुधवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां गांव के ही ‘अकेलवा तालाब’ में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई. मृत बच्चियों की पहचान पतहरिया कला गांव निवासी राजू राम की 9 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 11 वर्षीय पुत्री सुशीला कुमारी के रूप में हुई है. दोनों की आपस में गहरी दोस्ती थीं. इस भयानक हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

लकड़ी चुनने निकली थीं दोनों सहेलियां

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे दोनों बच्चियां घर पर खाना खाने के बाद पास के जंगल की ओर सूखी लकड़ी चुनने के लिए निकली थीं. देर शाम तक जब वे घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. इसके बाद परिवार के सदस्य और ग्रामीण रातभर टॉर्च लेकर आसपास के जंगलों, खेतों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन रात में उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका.

Also Read: बेरमो के ढोरी इंकलाइन में हुई थी देश की दूसरी सबसे बड़ी खान दुर्घटना, 268 मजदूरों की हुई थी मौत

सुबह तालाब में तैरता दिखा शव

बुधवार की सुबह गांव के कुछ लोग जब शौच के लिए अकेलवा तालाब की ओर गए थे, तभी उन्होंने तालाब के पानी में एक बच्ची का शव तैरता हुआ देखा. यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने जब तुरंत तालाब में उतरकर खोजबीन की, तो दोनों बच्चियों के शव बरामद हुए. शवों को पानी से बाहर निकालते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा. ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि जंगल में लकड़ी चुनने के दौरान दोनों सहेलियां तालाब के पास चली गई होंगी. संभवतः पैर फिसलने के कारण या फिर नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और खुद को संभाल नहीं पाईं, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ.

पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलते ही श्री बंशीधर नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों मासूमों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस इस संदर्भ में यूडी केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है.

हर आंख हुई नम, शोक में गांव में नहीं जले चूल्हे

दो मासूम बच्चियों की असमय और दर्दनाक मौत से पतहरिया कला गांव स्तब्ध है. इस घटना से दोनों पीड़ित परिवार पूरी तरह टूट गए हैं. बुधवार को जब दोनों बच्चियों के शव एक साथ गांव पहुंचे, तो माहौल बेहद गमगीन हो गया. ढांढस बंधाने पहुंचे ग्रामीणों और रिश्तेदारों की आंखें भी नम हो गईं. बच्चियों के प्रति शोक और परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए बुधवार को गांव के कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले.

Also Read: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में नामांकन शुरू, 12 जून तक आवेदन की अंतिम तिथि

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola