हॉट सीट बना गढ़वा नगर परिषद, दो दिनों में अध्यक्ष पद के लिए बिके 13 नामांकन पत्र

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 30 Jan 2026 9:32 PM

विज्ञापन

नामांकन के दूसरे दिन नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी हुई तेज

विज्ञापन

नामांकन के दूसरे दिन नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी हुई तेज पीयूष तिवारी, गढ़वा गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में अध्यक्ष पद को लेकर नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज हो गयी है. नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार को एक भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, लेकिन नामांकन पत्रों की खरीद को लेकर जबरदस्त गहमागहमी देखी गयी. दो दिनों में कुल 13 नामांकन पत्र बिक चुके हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि अध्यक्ष पद का मुकाबला दिलचस्प होने वाला है. शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए कुल छह नामांकन पत्र खरीदे गये. इनमें विकास माली, मो मासूम रजा, कंचन जायसवाल, संध्या सोनी (पति दौलत सोनी), जितेंद्र सिन्हा और याकूब इकबाल शामिल हैं. हालांकि कुल संख्या 14 बतायी जा रही है, लेकिन इसमें विकास माली द्वारा दो बार नामांकन पत्र खरीदने का मामला शामिल है. पहले दिन गुरुवार को अलखनाथ पांडेय, विकास माली, अनिता दत्त, सुरेंद्र विश्वकर्मा, संतोष केसरी, अनिल पांडेय, आशिष कुमार सोनी (दौलत सोनी) और कंचन कुमार साहू ने नामांकन पत्र खरीदा था. दूसरे दिन भी समाहरणालय स्थित निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता राज महेश्वरम के कक्ष के बाहर नामांकन पत्र खरीदने को लेकर समर्थकों की भीड़ लगी रही. संभावित प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे. इधर, अध्यक्ष पद के लिए दौलत सोनी ने पहले दिन अपने नाम से नामांकन पत्र लिया था, जबकि शुक्रवार को उन्होंने अपनी पत्नी संध्या सोनी के नाम से भी नामांकन पत्र खरीदा है. वार्ड सदस्य पद के लिए 30 नामांकन पत्र बिके गढ़वा नगर परिषद के 21 वार्डों के वार्ड सदस्य पद के लिए भी नामांकन पत्रों की बिक्री जारी है. शुक्रवार को 30 नामांकन पत्र बेचे गये, जबकि पहले दिन 47 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी. हालांकि अभी तक किसी भी वार्ड सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं हुआ है. वार्ड सदस्य पद के लिए गढ़वा बीडीओ कुमार नरेंद्र नारायण को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. मझिआंव में अध्यक्ष पद के लिए खरीदे गये चार नामांकन पत्र मझिआंव नगर पंचायत चुनाव को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं. दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए चार और लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा, जिनमें वीरेंद्र राम, शोभा देवी, गिरीश पांडेय और सत्येश्वरी देवी शामिल हैं. अब तक कुल सात लोग नामांकन पत्र ले चुके हैं. मझिआंव नगर पंचायत के लिए अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जिस कारण इच्छुक प्रत्याशियों को गढ़वा अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदना पड़ रहा है.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola