शादी में पसरा मातम: गढ़वा में दूल्हे को चश्मा पहनाने के विवाद में बाराती की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी फरार

Published by :Sameer Oraon
Published at :28 Apr 2026 6:25 PM (IST)
विज्ञापन
Garhwa Crime News

गढ़वा में बाराती की पीट-पीटकर हत्या

Garhwa Crime News: गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद में एक बाराती मुकेश यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. विवाद तब शुरू हुआ जब दूल्हे को चश्मा पहनाने की बात पर दो पक्षों में कहासुनी हो गई. आरोप है कि दूल्हे के ममेरे भाई ने मुकेश को अकेला पाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

विज्ञापन

Garhwa Crime News, गढ़वा, (अविनाश की रिपोर्ट): गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र अंतर्गत रारो गांव में आयोजित एक विवाह समारोह सोमवार की रात खून-खराबे का गवाह बन गया. मामूली सी कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी. मृतक की पहचान धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी मुकेश यादव (पिता- धर्मन यादव का पुत्र) के रूप में हुई है. इस घटना के बाद दोनों गांवों में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

नाश्ते के बाद शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनडीहा गांव से दीपक यादव की बारात रारो गांव निवासी लक्ष्मण यादव के घर पहुंची थी. जनवासा में नाश्ता करने के बाद बाराती और रिश्तेदार दूल्हे के पास जमा होकर हंसी-मजाक कर रहे थे. इसी बीच दूल्हे का ममेरा भाई रविंद्र यादव दूल्हे को जबरन चश्मा पहनाने की कोशिश करने लगा. दूल्हे ने जब मना किया, तो वहां मौजूद मुकेश यादव ने बीच-बचाव करते हुए रविंद्र को ऐसा करने से रोका. बस यही बात रविंद्र को नागवार गुजरी और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई.

Also Read: पुलिस अधिकारियों को झारखंड हाईकोर्ट की फटकार: “अगर कार्रवाई करनी है तो जांच बिठाएं, तबादले के बहाने दंड न दें

अंधेरे का फायदा उठाकर किया जानलेवा हमला

विवाद के कुछ देर बाद जब मुकेश यादव अकेला पाया गया, तब आरोपी रविंद्र ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला बोल दिया. चश्मदीदों के अनुसार, मुकेश को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. आनन-फानन में ग्रामीण और परिजन उसे इलाज के लिए डंडई अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर फैलते ही बारात में भगदड़ मच गई और शादी की रस्में पूरी तरह प्रभावित हो गईं.

पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही डंडई और धुरकी पुलिस मौके पर पहुंची. मंगलवार की सुबह जब मुकेश का शव उसके गांव सोनडीहा पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. मुख्य आरोपी रविंद्र यादव फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश है कि छोटी सी बात पर किसी की जान ले ली गई.

Also Read: जमशेदपुर: कस्तूरबा विद्यालय निरीक्षण में वार्डन ने विधायक को नहीं पहचाना, पूछा –  कौन है आप, स्कूल के अंदर कैसे आए? 

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola