विधानसभा की याचिका समिति ने गढ़वा में की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश जन शिकायतों के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं
विधानसभा की याचिका समिति ने गढ़वा में 30 विभागों की समीक्षा बैठक की | Prabhat Khabar Network
झारखंड विधानसभा की याचिका समिति ने गढ़वा में 30 विभागों की समीक्षा बैठक की। जन शिकायतों के त्वरित समाधान और लापरवाही पर कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
गढ़वा: झारखंड विधानसभा की याचिका समिति ने गढ़वा जिले का दौरा कर परिसदन सभागार में जिले के वरीय प्रशासनिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. समिति के सदस्य विधायक उदय शंकर सिंह एवं विधायक नागेंद्र महतो सहित अन्य सदस्यों की मौजूदगी में 30 विभागों से संबंधित लंबित मामलों की क्रमवार समीक्षा की गई.
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश
बैठक के दौरान समिति ने ग्रामीण विकास, नगर विकास, भवन प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता, कल्याण, राजस्व, खनन, स्वास्थ्य, आपूर्ति सहित अन्य विभागों की याचिकाओं पर विस्तृत चर्चा की. समिति ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों और लंबित मामलों का शीघ्र, पारदर्शी एवं नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.समिति ने कड़े शब्दों में कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा. यदि मामलों के निष्पादन में लापरवाही या देरी पाई गई, तो संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में 2.11 लाख से अधिक असहाय, वृद्ध और जरूरतमंद को प्रतिमाह पेंशन, 1 साल में जुड़े 6,800 नए लाभुक
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक
इसके साथ ही जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया.बैठक के दौरान समिति ने गढ़वा परिसदन सभागार की क्षमता एवं सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा भविष्य में होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों को ध्यान में रखते हुए सभागार का विस्तार करने व सुविधाएं सुधारने के निर्देश दिए.बैठक में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, डीएफओ (सामाजिक वानिकी) के.के. सिंह, एसडीओ गढ़वा कुमार मयंक भूषण, एसडीओ रंका मो. परवेज सहित सभी प्रमुख विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









