भूमि पूजन से पहले टिकरी के ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, सांसद-विधायक के आश्वासन पर हटे

16जी जाम के दौरान ग्रामीणों से बातचीत करते सांसद व विधायक, 16जी बुरूडीह-टिकरी सड़क निर्माण की मांग को लेकर किया जाम | Prabhat Khabar Network
घाटशिला के टिकरी गांव में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने भूमि पूजन से पहले रास्ता जाम किया। सांसद और विधायक के आश्वासन के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ।
घाटशिला: घाटशिला प्रखंड के बुरूडीह में सड़क निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले गुरुवार को टिकरी गांव के ग्रामीणों ने बुरूडीह-टिकरी सड़क निर्माण की मांग को लेकर रास्ता जाम कर दिया. झारखंड आंदोलनकारी स्व उमेश कांत महतो के पौत्र देवाशीष महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष सड़क पर उतरे और सांसद तथा विधायक से जवाब मांगने लगे. ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर नारेबाजी करते हुए कहा कि चार किमी की जर्जर सड़क के कारण एंबुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पाती, जबकि स्कूली बच्चों समेत ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है. इसे लेकर कई बार लिखित शिकायत की गयी है. दरअसर बुरूडीह के पास टिकरी जाने का रास्ता है, जो काफी पहले से बदहाल है. इसी सड़क निर्माण की मांग पर ग्रामीण सड़क पर उतरे और विरोध जताया.
सांसद और विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
जाम स्थल पर पहुंचे सांसद विद्युत महतो और विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं. सांसद ने कहा कि ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए लिखित प्रस्ताव केंद्र और राज्य सरकार को भेजा जायेगा. वहीं विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि वे पहले भी टिकरी गांव का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत हो चुके हैं. उन्होंने तत्काल संबंधित ठेकेदार को आवागमन सुचारु रखने के लिए स्लैग बिछाने का निर्देश देने तथा स्थायी सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया. सांसद और विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया.जिसके बाद भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ. मौके पर टिकरी के ग्राम प्रधान नंदो हांसदा, सुखलाल मुर्मू, ननीवाला महतो, बिरसा हांसदा, बलराम सिंह, बुद्धेश्वर मुर्मू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










