East Singhbhum News : In two accidents that occurred in Patmada and Potka

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 14 Apr 2026 11:47 PM

विज्ञापन

DCIM100MEDIADJI_0190.JPG

मामा के घर बुरुडीह आया था बंगाल निवासी सुमित

विज्ञापन

पटमदा : पहाड़ी पूजा में जा रहे बाइक सवार दो युवकों को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत

पटमदा. टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी होटल के समीप मंगलवार रात करीब 7.45 बजे सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गयी. अनियंत्रित ट्रैक्टर ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक सवार को सीधी टक्कर मार दी. इससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतकों की पहचान सुमित सिंह (20) और शुकदेव सिंह (21) के रूप में हुई है. सुमित सिंह बंगाल के बलरामपुर थाना के मालती गांव का रहने वाला था, जबकि शुकदेव सिंह बोड़ाम थाना के पाइचाडीह गांव का रहनेवाला था. पुलिस ने दोनों शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के अनुसार सुमित और शुकदेव रिश्ते में ममेरा-फुफेरा भाई थे. सुमित अपने मामा के घर बुरूडीह आया हुआ था. मंगलवार शाम दोनों भाई मोटरसाइकिल से बामनी गांव में आयोजित पहाड़ी पूजा में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान काल बने ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर सड़क पर ही तड़पने लगे. हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक ने घायलों की मदद करने की बजाय अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर को बामनी गांव स्थित एक स्कूल के पीछे छिपाकर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों घायलों को उठाकर एमजीएम अस्पताल भेजा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है. ट्रैक्टर मालिक और फरार चालक की पहचान करने और गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है. दोनों परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

पटमदा में बाइक सवार दो युवक दुर्घटना में गंभीर, एमजीएम रेफर

पटमदा. पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के समीप मंगलवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. लहूलुहान हालत पर सड़क पड़े दोनों युवको को स्थानीय ग्रामीण व पुलिस के सहयोग से चिकित्सा के लिए पटमदा सीएचसी में भर्ती कराया गया. जहां दोनों युवकों की स्थिति गंभीर देखकर चिकित्सकों ने एमजीएम रेफर कर दिया. दोनों युवक पटमदा के गोबरघुसी पंचायत के सारी मोहनपुर गांव के रहने वाले है. जिसमें रंजीत सिंह (19) व देव कुमार (20) शामिल है. पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को चिकित्सा के लिए अस्पताल पहुंचाया. दोनों युवक पटमदा पूजा में शामिल होने के लिए आए हुए थे. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना कैसे हुई किसी को नहीं मालूम. पर बाइक में सवार दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे, जिसके कारण अधिक चोट लगी है. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.

पोटका : रोड किनारे खड़े हाइवा से टकरायी अनियंत्रित बाइक, पति की मौत, पत्नी घायल

पोटका टाटा-हाता मुख्य मार्ग पर पोटका थाना के तुड़ी गांव के समीप मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़े हाइवा (जेएच 05 बीके- 6164) में अनियंत्रित बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी. घटना में बाइक सवार श्याम सिंह मुंडा (50) की मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं. घटना सुबह करीब पांच बजे की है. जानकारी के अनुसार, श्याम सिंह मुंडा मूल रूप से चक्रधरपुर के उलीडीह निवासी थे और वर्तमान में जमशेदपुर के बर्मामाइंस में रहते थे. वे टाटा स्टील कंपनी में ठेकेदारी में काम करते थे. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, अपनी पत्नी के साथ श्याम सिंह मुंडा जमशेदपुर से चक्रधरपुर जा रहे थे. तुड़ी पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े हाइवा से टकरा गयी. सूचना मिलने पर पहुंची पोटका पुलिस ने तत्काल दंपती को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद श्याम सिंह मुंडा को मृत घोषित कर दिया. उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है. पत्नी की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने कहा कि ऐसी घटना नहीं हो, इसे लेकर गश्ती बढ़ायी गयी है. वाहन मालिकों को सड़क पर गाड़ी नहीं खड़ी करने के लिए लगातार निर्देश दिये जा रहे हैं.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola