East Singhbhum News : शिक्षा के साथ कौशल विकास जरूरी : उमेश शर्मा

19 अप्रैल से विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क पॉलिटेक्निक कोचिंग
पटमदा. ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच देने के उद्देश्य से रविवार को लोवाडीह स्थित टैलेंट नर्चरिंग पब्लिक स्कूल में ””””मेधा खोज प्रतियोगिता”””” का सफल आयोजन किया गया। शहीद निर्मल महतो स्मृति एजुकेशनल ट्रस्ट एवं टैलेंट सर्च एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 59 मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
स्वर्ण और रजत पदक से नवाजे गये मेधावी
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 13 विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया. प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किये गये. वहीं, अन्य प्रतिभावान छात्रों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
विशेषज्ञों ने दिये करियर के मंत्र
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष करियर काउंसिलिंग सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें देश के जाने-माने विशेषज्ञों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया. टाटा स्टील के उमेश शर्मा ने छात्रों को जेइइ, एनआइटी और गेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता के लिए रणनीतिक तैयारी के गुर सिखाये. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान जरूरी है. अर्पिता महतो ने मेडिकल और नर्सिंग क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाओं और प्रवेश परीक्षाओं के बारे में विस्तार से बताया. दीपक व बृंदावन महतो ने झारखंड पॉलिटेक्निक 2026 और आइटीआइ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तकनीकी शिक्षा की उपयोगिता समझायी. ट्रस्ट द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए एक बड़ी घोषणा की गयी. 19 अप्रैल से प्रत्येक रविवार सुबह 9 बजे लोवाडीह स्थित विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों को झारखंड पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा की निःशुल्क तैयारी करायी जायेगी. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है. इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडु, इंटर कॉलेज जाल्ला के प्रिंसिपल अरुण महतो और उपमुखिया राज शेखर महतो ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर व्याख्यान दिया. कार्यक्रम में प्रबोध कुमार महतो, पूर्ण चंद्र महतो सहित भारी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




