East Singhbhum News : बीआरसी पर हल्ला बोल, हड़ताली रसोइयों की जगह नयी बहाली के आदेश से आक्रोश

Updated:
विज्ञापन
East Singhbhum News : बीआरसी पर हल्ला बोल, हड़ताली रसोइयों की जगह नयी बहाली के आदेश से आक्रोश

गालूडीह : हड़ताल से स्कूलों में चूल्हे ठंडे, कहीं मूढ़ी-चनाचूर तो कहीं खिचड़ी बना सहारा, बीआरसी और थाना में सौंपा ज्ञापन, स्कूलों में दूसरी रसोइयों की बहाली के निर्देश को निरस्त करने की उठायी मांग

विज्ञापन

गालूडीह. झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका संघ के बैनर तले अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर रसोइयों का आंदोलन अब और तेज हो गया है. मंगलवार को घाटशिला प्रखंड के गालूडीह स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में बड़ी संख्या में रसोइयों ने विरोध-प्रदर्शन किया. 18 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठी इन रसोइयों ने बीइइओ (प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी) और गालूडीह थाना पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा.

नयी बहाली का आदेश वापस ले प्रशासन

संघ की अध्यक्ष सालगे हांसदा ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा जारी उस हालिया निर्देश पर कड़ी नाराजगी जतायी, जिसमें हड़ताली रसोइयों की जगह नयी बहाली करने की बात कही गयी है. उन्होंने दोटूक कहा कि हम लोकतांत्रिक तरीके से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं. प्रशासन नयी बहाली का डरावना आदेश तुरंत वापस ले. जैसे ही हमारी जायज मांगें पूरी होंगी, हम हड़ताल समाप्त कर काम पर लौट आएंगे.

स्कूलों में मिड-डे मील पर संकट बच्चे परेशान

रसोइयों की इस बेमियादी हड़ताल का सीधा असर स्कूलों की व्यवस्था पर दिखने लगा है. कई स्कूलों में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) पूरी तरह ठप है, तो कहीं बच्चों को विकल्प के तौर पर मूढ़ी-चनाचूर या साधारण खिचड़ी देकर खानापूर्ति की जा रही है. यदि विभाग ने जल्द ही वार्ता की पहल नहीं की, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी विकराल हो सकती है.

नयी बहाली की गयी, तो होगा आंदोलन : रसोइया संघ

डुमरिया . अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत डुमरिया प्रखंड के प्राथमिक, मध्य एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालयों की रसोइयों ने मंगलवार को बीआरसी के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. अपनी सात सूत्री मांगों के समर्थन में ये रसोइयां 18 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे कई विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना प्रभावित हो रही है. प्रदर्शनकारी रसोइयों ने कहा कि जब तक राज्य स्तर पर उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं ले लिया जाता, तब तक किसी भी विद्यालय में नये सिरे से रसोइयों का चयन नहीं किया जाना चाहिये. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुरानी रसोइयों की अनदेखी कर नई बहाली करना उनके साथ अन्याय होगा. बीइइओ के साथ आज होगी वार्ता: आंदोलन के दौरान रसोइयों ने प्रभारी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क साधा. वार्ता के सकारात्मक संकेत मिले हैं. बुधवार को प्रभारी बीइइओ बीआरसी कार्यालय में हड़ताल कर्मियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे. रसोइयों ने साफ कर दिया है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी. प्रदर्शन का नेतृत्व अध्यक्ष रानी मुर्मू ने किया. मौके पर जावना टुडु, कारमी सोरेन, नीतू सीट, राखी नायेक, फूलमनी महतो, उषारानी गोप, जमुना मुर्मू, मेहदी हांसदा, बासी किस्कू, छिता हांसदा, हिमानी सोरेन, काजल माझी, कुनी पूर्ति, माही सोरेन, नमिता गोप, पार्वती हेम्ब्रम समेत दर्जनों रसोइयां उपस्थित थीं.

विज्ञापन
Atul Pathak

लेखक के बारे में

By Atul Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola