शव नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने NH-114A किया जाम

Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 03 May 2026 11:08 PM

विज्ञापन

चितरागड़िया के खदान में बच्चे की तलाश में नाकाम रहे गोताखोर

विज्ञापन

एनएच पर छह घंटे तक बाधित रहा आवागमन पांच किलोमीटर तक लग गयी थी वाहनों की कतार प्रतिनिधि, शिकारीपाड़ा शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चितरागड़िया गांव में बंद पड़े पत्थर खदान में डूबे पांच वर्षीय बालक अयान अंसारी का शव रविवार देर शाम तक नहीं मिल सका. इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने हरिपुर के पास दुमका–रामपुरहाट मुख्य मार्ग एनएच 114A को जाम कर दिया. जाम के कारण सड़क पर करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी. आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. बताया जाता है कि शनिवार को अयान अंसारी, पिता नकबर अंसारी, खेलते-खेलते बंद पड़े खदान के पानी में गिरकर डूब गया था. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. ग्रामीणों और पुलिस ने देर शाम तक काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. रविवार सुबह पुलिस प्रशासन ने गोताखोरों की टीम को लगाया. टीम ने कई घंटे तक खदान में तलाश अभियान चलाया, लेकिन खदान में अत्यधिक पानी और गहराई होने के कारण शव का पता नहीं चल सका. अंततः गोताखोरों को बिना सफलता के वापस लौटना पड़ा. इससे नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हरिपुर के पास एनएच 114A को जाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि जब तक बच्चे का शव बाहर नहीं निकाला जाता, तब तक जाम नहीं हटाया जायेगा. सड़क जाम होने से दुमका–रामपुरहाट मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. यात्री, मरीज और जरूरी काम से जा रहे लोग घंटों जाम में फंसे रहे. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे. एनडीआरएफ बुलाने के आश्वासन के बाद माने ग्रामीण मौके पर बीडीओ एजाज आलम और थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए बताया कि एनडीआरएफ टीम को बुलाने के लिए उपायुक्त को पत्र भेज दिया गया है. प्रक्रिया जारी है. इसके बावजूद ग्रामीण जाम हटाने को तैयार नहीं हुए. करीब छह घंटे तक चले जाम के बाद शाम लगभग पांच बजे थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि सोमवार सुबह 8 बजे तक एनडीआरएफ की टीम पहुंचकर बालक की तलाश शुरू करेगी. इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और आवागमन सामान्य हो सका. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी की नजर अब एनडीआरएफ की कार्रवाई पर टिकी हुई है.

विज्ञापन
RAKESH KUMAR

लेखक के बारे में

By RAKESH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola