रांची के रहने वाले और हजारीबाग में पदस्थापित चिकित्सक का दुमका के मसानजोर स्थित गेस्ट हाउस में मिला शव
इसी गेस्ट हाउस में ठहरे थे डॉ शशि दिनकर मिंज और बेड पर पड़ा उनका शव | Prabhat Khabar Network
रांची के रहने वाले और हजारीबाग में पदस्थापित डॉक्टर शशि दिनकर मिंज दुमका के मसानजोर स्थित गेस्ट हाउस में मृत पाए गए. दोस्तों के साथ वे शुक्रवार रात यहां ठहरे थे. सुबह जगाने पर वह मृत मिले, जिससे हड़कंप मच गया.
साधन सेन, रानीश्वर(दुमका)
आपके शहर में
दुमका जिले के मसानजोर स्थित झारखंड सरकार के सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में ठहरे एक चिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. शनिवार सुबह उनका शव कमरे के बेड पर मिला. घटना की सूचना मिलते ही मसानजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय चिकित्सक से जांच कराकर मौत की पुष्टि करायी. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया. मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है.
दोस्तों संग मसानजोर घूमने गए थे डॉ. मिंज
वह रांची के बरियातू के रहने वाले थे और वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में पदस्थापित थे. उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और जमशेदपुर में कार्यरत हैं. परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं. जानकारी के अनुसार डॉ. शशि दिनकर मिंज अपने तीन दोस्तों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ शुक्रवार की रात मसानजोर स्थित निरीक्षण भवन के कमरा नंबर-1 और 2 में ठहरे थे.
सुबह कमरे में मृत मिले डॉ. मिंज, पुलिस जांच में जुटी
शनिवार सुबह जब उनके दोस्त उन्हें जगाने पहुंचे तो उनका शरीर ठंडा पड़ा था और कोई हलचल नहीं हो रही थी. इसके बाद तत्काल मसानजोर थाना को सूचना दी गयी. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ निरीक्षण भवन पहुंचे और स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर जांच करायी, जिसमें डॉ. मिंज को मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
दोस्तों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी और देर रात सोने चले गये थे. फिलहाल चिकित्सक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए