जिला स्तरीय मॉडर्न पेंटाथलोन प्रतियोगिता में सरंगपानी का दबदबा, छह खिलाड़ियों ने जीते पदक

विजेताओं के साथ जिला खेल पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
दुमका में आयोजित जिला स्तरीय मॉडर्न पेंटाथलोन प्रतियोगिता में सरंगपानी गांव के छह खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते।
प्रतिनिधि, नोनीहाट एसपी कॉलेज ग्राउंड में रविवार को दुमका डिस्ट्रिक्ट मॉडर्न पेंटाथलोन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय मॉडर्न पेंटाथलोन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. आयोजन में रामगढ़ प्रखंड के सरंगपानी गांव के छ खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. प्रतियोगिता में गांव के छह खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया. प्रतियोगिता में ओंमकार सिंह के पांचों पुत्रों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया. अंडर-19 वर्ग में आर्यन सिंह ने 2400 मीटर दौड़ एवं लेजर शूटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता. अंडर-17 वर्ग में रौनक सिंह ने 2400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया. अंडर-15 वर्ग में रीत सिंह ने 600 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया. अंडर-11 वर्ग में आयुष सिंह ने 600 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता, जबकि अंडर-9 वर्ग में राजवीर सिंह ने 600 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक प्राप्त किया. वही सरंगपानी गांव के सलेश लायक के पुत्र शिवम कुमार ने अंडर-13 वर्ग में 900 मीटर दौड़ एवं लेजर शूटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर गांव की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया. प्रतियोगिता के समापन अवसर पर दुमका जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से सरंगपानी गांव सहित पूरे रामगढ़ प्रखंड में हर्ष का माहौल है. स्थानीय लोगों, अभिभावकों एवं खेलप्रेमियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










