जरुवाडीह में युवक का पेड़ से लटकता शव बरामद, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

आदिवासी युवक आर्यन कल रात घर से निकला था. शव मिलने के बाद छानबीन में जुटी पुलिस.
दुमका. नगर थाना क्षेत्र के जरुआडीह इलाके में मोहम्मद आर्यन नामक 22 वर्षीय युवक का पेड़ से लटकता शव बरामद किया गया है. परिजनों का कहना है कि आर्यन की हत्या की गयी है और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया गया है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुट गयी है. मृतक आर्यन के भाई मो सिद्दीकी ने बताया कि कल रात 8:00 बजे नज़दीक के चौक पर उससे मुलाकात हुई थी तो उन्होंने उसे घर जाने को कहा था. देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसे फोन लगाया. काफी रिंग हुआ पर उसने फोन नहीं उठाया. सुबह एक पड़ोसी ने जानकारी दी कि जरुआडीह बस्ती के आगे सुनसान इलाके में आर्यन का शव पेड़ से लटका हुआ है. सिद्दीकी ने बताया कि पांच भाई में वह सबसे छोटा था और मेन रोड स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करता था. कुछ ही दिनों के बाद हिजला मेला में एक दुकान भी खोलने वाला था. सिद्दीकी ने कहा कि उनका भाई आत्महत्या करने वाला इंसान नहीं था. निश्चित रूप से उसकी हत्या की गयी है और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया गया है. उसने दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
एफएसएल की टीम भी पड़ताल क़े लिए पहुंची :
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही दुमका एसडीपीओ विजय कुमार महतो और नगर थाना प्रभारी नंदकिशोर प्रसाद फोरेंसिक जांच टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वान दस्ता भी बुलाया गया. पुलिस पूरी टीम के साथ घटना की छानबीन में जुट गयी है. शव को पेड़ से उतार कर एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. जब मृतक मो आर्यन के कपड़ों की तलाशी ली गयी, तो एक मोबाइल और एक पर्स बरामद हुआ. उसने कान में आईपॉड भी लगा रखा था. सभी सामानों को पुलिस ने जांच के लिए अपने पास रख लिया है.
क्या कहते हैं एसडीपीओ :
घटनास्थल पर पहुंचे दुमका एसडीपीओ विजय कुमार महतो ने कहा कि 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका बरामद किया गया है. पुलिस तमाम बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है. इस मामले में अनुसंधान के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




