Dhanbad news: गोविंदपुर : जीटी रोड के दोनों लेन में लगा रहा जाम, रेंगते रहे वाहन

Dhanbad news: जाम में फंसे रहे एंबुलेंस, मैट्रिक व इंटर के परीक्षार्थियों को हुई परेशानी
Dhanbad news: गोविंदपुर में जीटी रोड का दोनों लेन बुधवार को महाजाम में फंसा रहा. महाजाम सुबह से लेकर रात तक लग रहा. सड़क पर महाजाम में गाड़ियां रेंगती रहीं. इस महाजाम से सबसे ज्यादा प्रभावित झारखंड अधिविध परिषद की माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हुए. गोविंदपुर बाजार इलाके में प्रोजेक्ट हाई स्कूल गोविंदपुर, सेठ सुखीराम बालिका विद्यालय गोविंदपुर एवं प्लस टू हाई स्कूल गोविंदपुर परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों के अलावा उच्च विद्यालय पाथुरिया, नरसिंह नारायण उच्च विद्यालय बागसुमा एवं मध्य विद्यालय देवली केंद्र के परीक्षार्थी भी परेशान रहे और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परीक्षार्थियों को भारी परेशानी हुई. कई विद्यार्थी परीक्षा केंद्र में लेट से पहुंचे. सड़क जाम में धनबाद से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहे कई एंबुलेंस भी फंस गए और उस पर सवार मरीज भी परेशान रहे. कौआबांध से रतनपुर तक जीटी रोड पर करीब 12 घंटे तक महाजाम लगा रहा. इस दौरान न तो ट्रैफिक पुलिस कहीं नजर आई और न ही प्रशासन की चौकसी. महाकुंभ जा रहे और वहां से लौट रहे छोटे-बड़े दर्जनों वाहनों को गोविंदपुर ने प्रयागराज में लगने वाले जाम का एहसास कर दिया. गोविंदपुर में जीटी रोड पर जाम लगने का जो सिलसिला दुर्गा पूजा के बाद से शुरू हुआ है, वह थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. व्यवसायी वर्ग इससे जहां हतप्रभ हैं, वहीं आम लोग त्राहिमाम कर रहे हैं. जिला प्रशासन एवं एनएचएआइ की ओर से सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है. ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने नागरिक समिति को आश्वासन दिया था कि गोविंदपुर जाकर वह जाम की समस्या के समाधान की कोशिश करेंगे, लेकिन गोविंदपुर की समस्या जस की तस बनी हुई है. पुलिस उपाध्यक्ष शंकर कामती ने भी सरस्वती पूजा के बाद ही सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने का आश्वासन शांति समिति की बैठक में दिया था, परंतु इस दिशा में भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




