Dhanbad News: रेस्तरां गोली कांड के घायल अभियुक्तों को रांची ले गयी पुलिस
Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 23 Mar 2026 1:20 AM
16 मार्च को भागाबांध ओपी क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में पकड़ा गया था अमन सिंह
भागाबांध में पुलिस व प्रिंस खान के गुर्गों के बीच हुई मुठभेड़ में घायल पलामू के चैनपुर स्थित लिदकी निवासी अमन सिंह उर्फ मनीष उर्फ कुबेर व वासेपुर के कमर मकदुमी रोड के लाला टोला निवासी अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ राजा खान को एसएनएमएमसीएच से डिस्चार्ज होने के बाद रविवार को रांची एयरपोर्ट थाना की पुलिस अपने साथ रांची ले गयी. वहीं इस मामले में पहले ही घायल विक्की डोम को धनबाद पुलिस ने जेल भेज दिया है. रविवार को रांची पुलिस धनबाद आयी और कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों अपराधियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रांची ले गयी. ज्ञात हो कि शुक्रवार की शाम तीनों अपराधियों को एसएनएमएमसीएच से डिस्चार्ज कर दिया गया था.
पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो अपराधियों के पैर में लगी थी गोली
बता दें कि गत 16 मार्च को भागाबांध ओपी क्षेत्र में पुलिस व प्रिंस खान के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस दौरान विक्की डोम के पैर में गोली लगी थी. इससे उसका बायां पैर फ्रैक्चर हो गया था. जबकि, पलामू के अमन सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी थी, जो पैर से आर-पार हो गयी थी. इसके अलावा वासेपुर के कमर मकदुमी रोड के लाला टोला निवासी अफजल अमन के दोनों पैरों में चाेट थी. पुलिस ने बताया कि इन लोगों पर रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में फायरिंग करने और गोली मारकर एक की हत्या कर करने का आरोप है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन लोगों को पकड़ा था.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










