Dhanbad News:- जोसा काउंसलिंग आज से, शाम पांच बजे से भर सकेंगे विकल्प

Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 02 Jun 2026 2:01 AM

विज्ञापन

13 जून को जारी होगी पहले राउंड की सीट आवंटन सूची

विज्ञापन

जेइइ एडवांस 2026 का परिणाम जारी होने के बाद अब देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) ने 2026 सत्र के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है. आइआइटी, एनआइटी, ट्रिपल आइटी, आइआइइएसटी और अन्य सरकारी वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों (जीएफटीआइ) में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी दो जून शाम पांच बजे से जोसा पोर्टल पर पंजीकरण और च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे. जोसा काउंसलिंग में जेईई मेन 2026 या जेइइ एडवांस 2026 में सफल अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. अभ्यर्थियों को सबसे पहले पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी प्रोफाइल की जानकारी जांचनी होगी. इसके बाद वे अपनी पसंद के संस्थान और ब्रांच का चयन कर प्राथमिकता क्रम तय करेंगे. निर्धारित समय से पहले विकल्पों को लॉक करना आवश्यक होगा. यदि अभ्यर्थी स्वयं विकल्प लॉक नहीं करते हैं तो अंतिम तिथि के बाद सिस्टम स्वतः उन्हें लॉक कर देगा.

13 जून को जारी होगी पहली सीट आवंटन सूची

जोसा के कार्यक्रम के अनुसार पहली सीट आवंटन सूची 13 जून को जारी होगी. इसके बाद विभिन्न चरणों में सीट आवंटन व ऑनलाइन रिपोर्टिंग की प्रक्रिया जुलाई तक चलेगी. आइआइटी और आइआइएससी के लिए अंतिम सीट आवंटन चरण 16 जुलाई को होगा, जबकि एनआइटी, ट्रिपल आइटी और जीएफटीआई में नामांकन की प्रक्रिया 24 जुलाई तक जारी रहेगी.

आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट 2026 का पंजीकरण भी शुरू

वहीं आइआइटी के बीआर्क कार्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट (एएटी) 2026 का पंजीकरण भी शुरू हो गया है. एएटी का परिणाम सात जून को जारी होने के बाद अभ्यर्थी वास्तुकला पाठ्यक्रमों के लिए अलग से विकल्प भर सकेंगे. विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों को सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने और सोच-समझकर विकल्प भरने की सलाह दी है.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola