हैवी ब्लास्टिंग का विरोध करने पहुुंचे ग्रामीणों पर फायरिंग, हंगामा

Updated at : 18 Jun 2024 1:09 AM (IST)
विज्ञापन
हैवी ब्लास्टिंग का विरोध करने पहुुंचे ग्रामीणों पर फायरिंग, हंगामा

आक्रोशितों ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग को छह घंटे किया जाम

विज्ञापन

झरिया.

घनुडीह ओपी अंतर्गत मोहरीबांध में संचालित कुजामा कोलियरी की देवप्रभा आउटसोर्सिंग परियोजना की हैवी ब्लास्टिंग का पत्थर एक घर में गिर जाने के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ. लोगों ने आउटसोर्सिंग परियोजना का काम बंद कर दिया. झरिया-बलियापुर रोड को बंद कर दिया. फायरिंग से एक व्यक्ति को गोली लगी, जिसका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है. घटना की सूचना पर सांसद ढुलू महतो व स्थानीय विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह पहुंची और दोषी पर कार्रवाई की मांग की. शाम को प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिये जाने के बाद धरना समाप्त हुआ. इस संबंध में पीड़ितों ने घनुडीह ओपी में आउटसोर्सिंग निदेशक कुंभनाथ सिंह समेत अन्य पर फायरिंग करने और जाति सूचक शब्द कहने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है.

कैसे घटी घटना :

बताया जाता है कि आउटसोर्सिंग परियोजना में हर रोज की तरह हैवी ब्लास्टिंग की गयी. उससे पत्थर उड़ कर धर्म भुइयां के घर पर गिरा, जिससे एक नवजात शिशु बाल-बाल बच गया. पत्थरों से कई घर क्षतिग्रस्त हो गये. इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने आउटसोर्सिंग परियोजना पहुंच कर काम बंद करा दिया. इसी दौरान कंपनी समर्थकों ने पांच से छह राउंड फायरिंग कर दी, जिसकी एक गोली जगदीश भुइयां उर्फ जागो भुइयां (48) के बायां हाथ में लगी. इतना ही नहीं, आउटसोर्सिंग के लोगों ने ग्रामीणों की जमकर पिटाई भी कर दी, जिसमें सोनी देवी (27) व पिंटू भुइयां (22) लहूलुहान हो गये. घनुडीह पुलिस ने तीनों घायलों को एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया. सूचना पर ग्रामीणों ने झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर जाम कर दिया. प्रबंधन के खिलाफ लोग काफी उग्र थे.

लोगों के साथ झरिया विधायक धरना पर बैठीं :

जाम की सूचना पर झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह पहुंचीं और लोगों के धरना में शामिल हो गयीं. वह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगीं. कहा कि जिला प्रशासन पहले आरोपी को गिरफ्तार करे, तब ही कुछ वार्ता होगी. बिना गिरफ्तारी की गिरफ्तारी के परियोजना को चलने नहीं दिया जायेगा. जब तक प्रशासन इस संबंध में जिम्मेवारी नहीं लेता है, धरना जारी रहेगा.

सांसद ढुलू महतो ने पहुंचे, कहा बंद रहेगी परियोजना :

शाम करीब 4.45 बजे सांसद ढुलू महतो घटनास्थल पहुंचे और घटना की जानकारी ली. सांसद ने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, वह कुछ सुनने वाले नहीं हैं. उसके बाद झरिया सीओ रामसुमन प्रसाद, सिंदरी डीएसपी भूपेंद्र राउत, धनबाद डीएसपी विधि-व्यवस्था, जोड़ापोखर सर्किल इंस्पेक्टर उषा रानी, झरिया इंस्पेक्टर शशिरंजन कुमार पहुंचे और ग्रामीणों के समक्ष उनकी वार्ता हुई, जिसमें बताया गया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. सांसद ने कहा परियोजना अभी चालू नहीं होगी. उसके बाद सांसद श्री महतो समर्थकों को दिशा-निर्देश देकर घायलों से मिलने धनबाद चले गये.

क्या कहा आउटसोर्सिंग निदेशक ने :

इधर देवप्रभा आउटसोर्सिंग के निदेशक एलबी सिंह ने कहा कि घटना होने से पहले और बाद तक कोयला भवन में ही था. इसका वीडियो फुटेज देखा जा सकता है. ब्लास्टिंग होने पर छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं. पत्थर उड़कर लगने से घायल होना संभावित है. गोली चलने की बात गलत है. साजिश के तहत गोली लगने की बात कही जा रही है.

शिकायत करने गये तो की मारपीट :

एसएनएमएमसीएच में भर्ती जागो भुइयां ने सांसद ढुलू महतो को बताया कि आउटसोर्सिंग में ब्लास्टिंग के बाद पत्थर उड़ने से घर क्षतिग्रस्त हो गया. दीवार व छत में दरार आ गयी थी. हम लोग वहां गये, तो पीछे से कई लोग आये और लाठी डंडा से हमला कर दिया. इसके पहले वहां पर छह राउंड फायरिंग भी हुई थी. एलबी सिंह के बॉडीगार्ड ने भी हम लोगों पर हमला किया है.

हाथ टूटा है, नहीं लगी है गोली :

घायल जगदीश उर्फ जागो भुइयां का इलाज एसएनएमएमसीएच में डॉ सिद्धार्थ ने उसका उपचार किया. चिकित्सक के अनुसार जगदीश का हाथ टूटा है, गोली नहीं लगी है.

देवप्रभा आउटसोर्सिंग निदेशक पर प्राथमिकी दर्ज :

मोहरीबांध में हैवी ब्लास्टिंग मामले में सिंदरी डीएसपी भूपेंद्र राउत ने बताया कि घनुडीह ओपी प्रभारी पवन कुमार द्वारा जगदीश भुइयां उर्फ जागो भुइयां के फर्द बयान पर कुजामा प्रभा आउटसोर्सिंग निदेशक कुंभनाथ सिंह व अन्य 15 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया गया है. तिसरा थाना कांड संख्या-46-2024 के तहत भादवि की धारा -307, 323, 341, 504, 506, -34 एवं 27 आर्म्स एक्ट और एसटीएससी का मामला दर्ज किया गया है. डीएसपी श्री राउत ने कहाकि जांचोपरांत अभियुक्तों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola