Dhanbad news : एसएनएमएमसीएच : रांची से आये पार्ट्स, ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मत शुरू
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 24 May 2026 1:20 AM
Dhanbad news : अस्पताल प्रबंधन को जल्द तकनीकी समस्या दूर होने की उम्मीद, सोमवार से बड़े ऑपरेशन की तैयारी.
धनबाद, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में शुक्रवार को थंडरिंग के दौरान ब्रेकडाउन हुए पीएस ऑक्सीजन प्लांट को दुरुस्त करने का काम शनिवार देर रात फिर से शुरू हो गया. खराब प्लांट के आवश्यक पार्ट्स रांची से धनबाद शनिवार को आ गये. इसके बाद पटना से आयी तकनीकी टीम ने मरम्मत शुरू कर दी. अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि रविवार की दोपहर तक प्लांट को पूरी तरह चालू कर पाइपलाइन के माध्यम से ऑक्सीजन आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी. अस्पताल अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञ लगातार प्लांट की जांच व मरम्मत में लगी है. उन्होंने कहा कि प्लांट चालू होते ही अस्पताल की सेंट्रलाइज ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो जायेगी. फिलहाल किसी मरीज को ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जा रही है. अधीक्षक ने बताया कि यदि रविवार तक प्लांट पूरी तरह चालू हो जाता है, तो सोमवार से सभी बड़े ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिये जायेंगे. अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि तकनीकी समस्या जल्द दूर हो जायेगी और चिकित्सा व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होने लगेगी. जंबो सिलिंडर व कंसंट्रेटर के सहारे चल रही व्यवस्था बता दें कि ऑक्सीजन प्लांट बंद होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विभिन्न वार्डों में जंबो सिलिंडर व कंसंट्रेटर से ऑक्सीजन आपूर्ति जारी रखी है. शनिवार को एसआइसीयू, आइसीयू, एचडीयू, सीसीयू, पेडियाट्रिक वार्ड समेत अन्य विभागों में सिलिंडर के माध्यम से मरीजों को ऑक्सीजन दी गयी. अस्पताल सूत्रों के अनुसार गंभीर मरीजों वाले वार्डों को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर उपलब्ध कराये जा रहे हैं. इसके लिए अतिरिक्त सिलिंडरों का भी इंतजाम किया गया है, ताकि किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न न हो. सामान्य उपचार और इमरजेंसी सेवाएं जारी पीएस ऑक्सीजन प्लांट के अचानक खराब होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एहतियातन बड़े ऑपरेशन स्थगित कर दिये हैं. ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर सर्जरी को रोकने का निर्णय मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया. हालांकि सामान्य उपचार और इमरजेंसी सेवाएं जारी हैं. ———— ऑक्सीजन प्लांट रविवार तक चालू होने की उम्मीद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










