Dhanbad News : जनता को गुमराह करने के लिए आंदोलन की नौटंकी कर रहे हैं सांसद, विधायक : झामुमो

Dhanbad News : बोले जिला सचिव : धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण के लिए भाजपा ने कभी गंभीर प्रयास नहीं किया. जबकि राज्य में सबसे अधिक समय तक उनकी ही सरकार रही.
धनबाद, धनबाद के सांसद, विधायक एयरपोर्ट एवं भू-धंसान पीड़ितों के पुनर्वास पर गंभीर नहीं है. जनता को गुमराह करने के लिए दोनों अलग-अलग आंदोलन की नौटंकी कर रहे हैं. यह बातें झामुमो नेताओं ने सोमवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहीं. झामुमो के जिला सचिव मन्नू आलम ने कहा कि धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण के लिए भाजपा ने कभी गंभीर प्रयास नहीं किया. जबकि राज्य में सबसे अधिक समय तक उनकी ही सरकार रही. अब रणधीर वर्मा चौक पर धरना देकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है. डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद पर्यावरणीय स्वीकृति तक नहीं ली जा सकी. दावा किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस दिशा में काम कर रहे हैं और जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा.
अब बैटरी बदलने का समय आ गया : चंद्रशेखर अग्रवाल
झामुमो नेता और पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने धनबाद विधायक राज सिन्हा पर तंज कसते हुए कहा कि जैसे पुरानी बैटरी को धूप में रखा जाता है, उसी तरह विधायक भी कभी-कभी सड़क पर नजर आते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि तीन बार विधायक रहने के बावजूद उन्होंने धनबाद के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया. कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंदुआ में धरना देकर भाजपा नेता लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, जबकि कोल इंडिया केंद्र सरकार के अधीन है. धनबाद विधायक हर अच्छे कार्य का विरोध करते रहे हैं. अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि गोल्फ ग्राउंड पार्क, साउथ साइड रेलवे स्टेशन की सड़क, आठ लेन सड़क सहित कई विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जिसका धनबाद विधायक ने विरोध किया था.विस्थापितों के लिए बेहतर व्यवस्था की मांग
श्री अग्रवाल ने केंद्र सरकार से मांग किया कि विस्थापितों के पुनर्वास के लिए केवल बेलगड़िया ही नहीं, बल्कि अन्य स्थानों पर भी व्यवस्था की जाये. उन्होंने सुझाव दिया कि विस्थापितों को दो कमरों के फ्लैट की राशि उपलब्ध करायी जाये, ताकि वे अपनी पसंद के स्थान पर बस सकें. झामुमो की केंद्रीय सदस्य व मीडिया पैनलिस्ट डॉ नीलम मिश्रा ने कहा कि धनबाद में भाजपा नेता अपनी विफलता छिपाने के लिए नौटंकी कर रहे हैं. इस दौरान प्रवक्ता समीर रवानी, महानगर अध्यक्ष मंटू चौहान समेत कई नेता मौजूद थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




