Dhanbad News: आइआइटी आइएसएम में कल से ‘इंवेंटिव 2026’

Updated at : 04 Apr 2026 11:56 PM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: आइआइटी आइएसएम में कल से ‘इंवेंटिव 2026’

दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे राज्यपाल संतोष गंगवार, 15 आइआइटी, सात एनआइटी व आइआइएसएसी के निदेशक लेंगे हिस्सा, अर्थ साइंस को समर्पित होगा यह आरएंडडी फेयर.

विज्ञापन

धनबाद, आइआइटी आइएसएम में छह व सात अप्रैल को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की पहल पर इंवेंटिव 2026 का आयोजन होगा. अर्थ साइंस को समर्पित इस शोध व विकास (आरएंडडी) महाकुंभ में देशभर के 15 आइआइटी, सात एनआइटी और आइआइएसएसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के निदेशक हिस्सा लेंगे. इस कार्यक्रम का उद्घाटन सोमवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे. कार्यक्रम में जुवारी इंडस्ट्रीज के एमडी अतहर साहब, रिन्यू फाउंडेशन की सह-संस्थापक वैशाली निगम सिन्हा और टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट संदीप कुमार, कायनेस सेमीकॉन प्रा लि के रघु पानिकर के साथ उद्योग जगत के कई दिग्गज शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के सीइओ डॉ सुनील कुमार वर्णवाल भी हिस्सा लेंगे. यह जानकारी शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आइआइटी आइएसएम के निदेशक प्रो सुकुमार मिश्रा, उपनिदेशक प्रो धीरज कुमार, डीन कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन प्रो रजनी सिंह तथा आयोजन समिति के सदस्यों ने दी.

रिसर्च से रियल वर्ल्ड तक तकनीक पहुंचाने का मंच

निदेशक प्रो मिश्रा ने बताया कि इंवेंटिव को शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के तहत एक प्रमुख राष्ट्रीय आरएंडडी मेले के रूप में आयोजित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य लैब में विकसित तकनीकों को वास्तविक जीवन में उपयोग के लिए तैयार करना है. यह मंच अकादमिक संस्थानों, उद्योग, स्टार्टअप्स और निवेशकों के बीच मजबूत कड़ी बनाएगा.

150 इनोवेशन और 40 स्टार्टअप्स होंगे शामिल

इस महाकुंभ में 150 से अधिक इनोवेशन प्रदर्शित किए जाएंगे. साथ ही 40 स्टार्टअप्स भी हिस्सा लेकर अपने उत्पाद और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे. कार्यक्रम अर्थ साइंस को समर्पित है. इसमें खनन, पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी नई तकनीकों को प्रदर्शित कर देश की ऊर्जा और संसाधन सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर रहेगा.

भारत इनोवेट्स से जुड़कर वैश्विक मंच तक पहुंच

इंवेंटिव 2026, भारत इनोवेट्स 2026 के साथ मिलकर एक नेशनल-टू-ग्लोबल इनोवेशन पाइपलाइन तैयार करेगा. इस कार्यक्रम के तहत भारतीय स्टार्टअप्स और संस्थानों को फ्रांस के नीस शहर में वैश्विक मंच पर अपने इनोवेशन प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा.

दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान दो महत्वपूर्ण सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत होगी. पहला, रिन्यू सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, जो कोयला क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को “कोल टू ग्रीन” ट्रांजिशन के लिए प्रशिक्षित करेगा. दूसरा, वाधवानी इनोवेशन नेटवर्क सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, जो क्रिटिकल मिनरल्स और एडवांस टेक्नोलॉजी पर काम करेगा. प्लेनरी सेशन, एक्सपर्ट टक्स, डिजिटल हेल्थ, सेमीकंडक्टर, मैटेरियल साइंस और अर्थ साइंस जैसे विषयों पर चर्चा के साथ-साथ आधुनिक लैब्स का भ्रमण भी कराया जाएगा.

रिसर्च और इंडस्ट्री के बीच मजबूत तालमेल

इस आयोजन में उच्च स्तरीय राउंडटेबल चर्चा भी होगी, जिसमें देश के प्रमुख संस्थानों के प्रमुख हिस्सा लेंगे. इसके अलावा एमओयू साइनिंग, सीड फंडिंग, स्टार्टअप पिचिंग, निवेशकों के साथ बातचीत और टेक्नोलॉजी डेमो जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

स्टार्टअप्स को मिलेगा निवेश और मार्गदर्शन

50 से अधिक स्टार्टअप्स और 20 से ज्यादा वेंचर कैपिटलिस्ट्स की मौजूदगी से यह आयोजन स्टार्टअप्स के लिए बड़ा अवसर बनेगा. यहां उन्हें फंडिंग, मेंटरशिप और स्केलिंग के लिए जरूरी सहयोग मिलेगा.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola