Dhanbad News: छह माह में जिले के 50 हजार घरों में होगी पाइपलाइन से गैस सप्लाई

Dhanbad News: 13 हजार घरों तक पहुंची चुकी है पाइपलाइन, एलपीजी के मुकाबले पीएनजी में होगी 30 से 40 प्रतिशत कम खर्च.
धनबाद, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों व सिलिंडर आपूर्ति की समस्या के बीच अब पाइपलाइन गैस (पीएनजी) शहरवासियों के लिए बड़ी राहत बनकर उभर रही है. गेल गैस द्वारा धनबाद में तेजी से पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है. योजना के तहत करीब 650 इंच किलोमीटर स्टील पाइपलाइन बिछायी जाएगी, जिससे आने वाले समय में शहर के अधिकतर इलाकों में स्वच्छ और सुरक्षित गैस उपलब्ध हो सकेगी. उम्मीद है कि अगले छह महीनों में व्यापक स्तर पर सप्लाई शुरू हो जाएगी. शहर के कई इलाकों में तेजी से चल रहा काम : कंपनी के अनुसार, अब तक करीब 13 हजार घरेलू पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि लक्ष्य 50 हजार तक पहुंचने का है. कुसुम विहार, सरायढेला, सहयोगी नगर, धैया, जयप्रकाश नगर, हाउसिंग कॉलोनी, बाबूडीह, हीरापुर और गोसाईंडीह जैसे क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने का काम तेजी से जारी है. कई इलाकों में नेटवर्क लगभग तैयार हो चुका है और अंतिम चरण का कार्य चल रहा है. सिंदरी और बीआइटी परिसर में शुरू हो चुकी है सप्लाई : सिंदरी क्षेत्र में एसीसी कॉलोनी और बीआइटी सिंदरी परिसर में पाइपलाइन गैस की सप्लाई शुरू हो चुकी है. यहां करीब 1000 कनेक्शन दिए गए हैं. इसमें एसीसी कॉलोनी में 200 और बीआइटी के 800 घरों मे कनेक्शन हो चुका है. इसके अलावा एसीसी प्लांट में भी गैस की नियमित सप्लाई हो रही है. यह व्यवस्था अन्य क्षेत्रों के लिए मॉडल के रूप में देखी जा रही है. एलपीजी से सस्ती और सुरक्षित, जल्द शुरू होगी नई सप्लाई : पीएनजी गैस एलपीजी के मुकाबले 30 से 40 प्रतिशत तक सस्ती है और यह लगातार उपलब्ध रहने के कारण अधिक सुरक्षित मानी जाती है. उपयोग के अनुसार बिलिंग होने से उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सुविधा मिलती है. कुसुम विहार और सरायढेला जैसे क्षेत्रों में काम पूरा हो चुका है और अब मशीन के जरिए हाई प्रेशर गैस को लो प्रेशर में बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद वहां जल्द सप्लाई शुरू हो जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




