Dhanbad News: हाइटेक निगरानी की दिशा में धनबाद पुलिस का बड़ा कदम, ड्रोन ट्रेनिंग शुरू

Published by :ANAND KUMAR UPADHYAY
Published at :05 May 2026 12:13 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News: हाइटेक निगरानी की दिशा में धनबाद पुलिस का बड़ा कदम, ड्रोन ट्रेनिंग शुरू

Dhanbad News: विधि-व्यवस्था को अधिक मजबूत करने को ले वर्कशॉप आरंभ, भीड़ प्रबंधन से सर्च ऑपरेशन तक, ड्रोन तकनीक से मजबूत होगी पुलिसिंग.

विज्ञापन

धनबाद, आधुनिक तकनीक के सहारे कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है. भीड़ प्रबंधन, सतत निगरानी, क्षेत्रीय सर्वेक्षण और आपात स्थितियों से बेहतर तरीके से निपटने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस केंद्र में तीन दिवसीय विशेष ड्रोन ट्रेनिंग वर्कशॉप की शुरुआत हुई. कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार ने किया.

एसएसपी ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिसिंग के तरीकों में भी तेजी से बदलाव जरूरी है. उन्होंने कहा कि ड्रोन के जरिये ना सिर्फ भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखना आसान होगा, बल्कि गुप्त रूप से सूचनाएं एकत्र करने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखने में भी यह बेहद कारगर साबित होगा. एसएसपी ने यह भी संकेत दिया कि आवश्यकता के अनुसार जल्द ही धनबाद पुलिस को अत्याधुनिक हाइटेक ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे.

ड्रोन की बारीकियों की दी जानकारी

वर्कशाप में पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को ड्रोन संचालन की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है. प्रशिक्षण का संचालन विनटल लैब के विशेषज्ञों द्वारा किया जा रहा है. पहले दिन ट्रेनर राजा ठाकुर ने प्रतिभागियों को ड्रोन ऑपरेशन, सुरक्षा मानकों और विभिन्न परिस्थितियों में इसके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी. बताया गया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील इलाकों और दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन किस प्रकार प्रभावी निगरानी कर सकता है. इसके अलावा, किसी भी ऑपरेशन को गुप्त तरीके से अंजाम देने, गैरकानूनी गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और सर्च ऑपरेशन को सफल बनाने में ड्रोन की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला गया.

राहत, बचाव व निगरानी के आधुनिक तरीकों पर फोकस

वर्कशॉप में प्रतिभागियों को ड्रोन उड़ाने की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी गयी, जिससे वे वास्तविक परिस्थितियों में इसके उपयोग को समझ सकें. प्रशिक्षकों ने बताया कि किसी हादसों के बाद राहत व बचाव कार्य में ड्रोन के जरिये दवाइयां, राशन और आवश्यक सामग्री तेजी से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचायी जा सकती है. विशेष रूप से नाइट विजन ड्रोन के उपयोग पर भी प्रशिक्षण दिया गया. जिससे अंधेरे में भी निगरानी और ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सके. इसके साथ ही ज्वलनशील पदार्थों एवं विस्फोटकों को सुरक्षित ठिकानों पर लाकर निष्क्रिय करने और किसी भी संदिग्ध ड्रोन को काउंटर करने के तरीकों की भी जानकारी दी गयी. मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम, डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार, डीएसपी मुख्यालय डीएन बंका, डीएसपी साइबर संजीव कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola