Dhanbad news : 300 मेगावाट पहुंची मांग, गहराया बिजली संकट
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 24 May 2026 1:24 AM
Dhanbad news : हर 15 मिनट में ट्रिपिंग से उपभोक्ता बेहाल, ओवरलोड से शनिवार को 150 से ज्यादा फ्यूज कॉल की शिकायतें हुई दर्ज.
धनबाद, भीषण गर्मी में बिजली की मांग में अचानक बढ़ोतरी ने जेबीवीएनएल की व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है. ओवरलोड के कारण शहर में रोटेशन के आधार पर बिजली आपूर्ति की जा रही है. इससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है. स्थिति यह रही कि शनिवार को सुबह 10 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में 15 मिनट बिजली आपूर्ति के बाद लगभग आधे घंटे तक कटौती की जा रही थी. इस कारण भीषण गर्मी में एसी, पंखे और कूलर बंद होने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है. छोटे बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. जेबीवीएनएल के अधिकारियों के अनुसार गर्मी में बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ने से मांग और आपूर्ति के बीच लगभग 100 मेगावाट का अंतर आ गया है. आमतौर पर धनबाद में सप्लाई के लिए 210 से 230 मेगावाट बिजली की जरूरत है. वर्तमान में खपत बढ़कर 330 मेगावाट के पार पहुंच गयी है.
चार घंटे की जगह डीवीसी ने छह घंटे ठप रखी सप्लाई
वहीं डीवीसी द्वारा पाथरडीह व भितिया ग्रिड में मेंटेनेंस के नाम पर सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रखने की घोषणा की गयी थी, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी सप्लाई सामान्य नहीं हो सकी. शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति शुरू की गयी. इससे उपभोक्ताओं को करीब छह घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी. डीवीसी ग्रिड से जेबीवीएनएल के एसएनएमएमसीएच परिसर स्थित सबस्टेशन, कुसुम विहार और तेलीपाड़ा सबस्टेशन को बिजली आपूर्ति की जाती है. सप्लाई बहाल होने के बाद भी दिनभर बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी रहा. बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से लोग बेहाल रहे.
ओवरलोड से ट्रांसफॉर्मर व केबल में आ रही खराबी
जानकारी के अनुसार अत्यधिक लोड के कारण जेबीवीएनएल के केबल व अन्य उपकरणों पर दबाव बढ़ गया है. कई जगहों पर ट्रांसफॉर्मरों के फ्यूज उड़ने व तकनीकी खराबी की समस्या आने की सूचनाएं आ चुकी हैं. इससे बिजली बाधित हो रही है और विभाग को बार-बार मरम्मत करना पड़ रहा है. शहर के सरायढेला, हीरापुर, कुसुम विहार, हाउसिंग कॉलोनी, धैया, जोड़ाफाटक और गोधर समेत कई सबस्टेशन ओवरलोड की समस्या से जूझते रहे. इन क्षेत्रों में सबसे अधिक बिजली प्रभावित हो रही है.कॉल सेंटर में शिकायतों की भरमार
बिजली संकट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह से शाम पांच बजे तक जेबीवीएनएल के कॉल सेंटर में 150 से अधिक फ्यूज कॉल दर्ज की गयीं. उपभोक्ता लगातार ट्रिपिंग, फ्यूज उड़ने और लो वोल्टेज की शिकायत करते रहे. गर्मी और बिजली संकट के दोहरे असर से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं विभागीय अधिकारी तकनीकी खराबियों को दूर करने में जुटे रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










