धनबाद में आउटसोर्सिंग कंपनियों पर बरसे हेमंत सोरेन, 75% लोकल की नौकरी जरूरी

Updated at : 05 Feb 2026 9:53 AM (IST)
विज्ञापन
Hemant Soren

धनबाद में झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस पर लोगों का अभिवादन करते सीएम हेमंत सोरेन (बाएं से ऊपर), समारोह में उपस्थित जनसमूह (बाएं से नीचे) और मंच पर बैठे हेमंत साेरेन (दाहिने). कोलाज: प्रभात खबर

Dhanbad News: धनबाद में झामुमो स्थापना दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आउटसोर्सिंग कंपनियों को चेताया. उन्होंने कहा कि 75% स्थानीय लोगों को नौकरी देना अनिवार्य है. ऐसा नहीं होने पर स्थानीय लोग अपना हक लेने के लिए कब्जा करें. सरकार न्याय की लड़ाई में जनता के साथ है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Dhanbad News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धनबाद में आउटसोर्सिंग कंपनियों पर सीधा हमला बोलते हुए बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर कोयला क्षेत्र में काम कर रहीं आउटसोर्सिंग कंपनियां 75% स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं देती हैं, तो स्थानीय लोग उन पर कब्जा करें. सरकार इस पूरे मामले को देख रही है और न्याय की लड़ाई में जनता के साथ खड़ी है.

कोयला खनन आउटसोर्सिंग के हवाले

मुख्यमंत्री ने कहा कि धनबाद कोयला क्षेत्र है, लेकिन यहां की कोयला कंपनियों ने खनन का काम आउटसोर्सिंग कंपनियों को सौंप दिया है. ये कंपनियां बाहरी मजदूरों को लाकर काम करा रही हैं, ताकि वे अपने अधिकारों की मांग न कर सकें. स्थानीय लोगों को जानबूझकर रोजगार से दूर रखा जा रहा है, क्योंकि कंपनियों को डर है कि लोकल लोग आंदोलन करेंगे.

75% स्थानीय रोजगार कानूनन अनिवार्य

सीएम हेमंत सोरेन ने मंच से दो टूक कहा कि झारखंड सरकार ने कानून बनाया है. आउटसोर्सिंग कंपनियों को 75 प्रतिशत स्थानीय मजदूरों को रोजगार देना ही होगा. उन्होंने कहा कि सरकार कानूनी कार्रवाई के तहत इन कंपनियों से पूछताछ भी कर रही है. अगर फिर भी स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिलता है, तो वे अपने अधिकार के लिए आगे बढ़ें.

कब्जे की बात कहकर दिया बड़ा राजनीतिक संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कंपनियां स्थानीय लोगों का हक नहीं देती हैं, तो आपलोग इन पर कब्जा करें. अपना हक लीजिए. अपना पूरा अधिकार लेने का प्रयास कीजिए. सरकार देख रही है. उन्होंने यह भी कहा कि पेसा कानून लागू हो चुका है और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी आदिवासी और स्थानीय के साथ अन्याय न हो.

गोल्फ ग्राउंड से भाजपा और केंद्र पर हमला

बुधवार को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित झामुमो के 54वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने करीब 52 मिनट तक भाषण दिया. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र में भाजपा की सरकार है, तब तक देश में महंगाई कम नहीं होने वाली है.

महंगाई से जूझ रहा गरीब, सरकार दे रही राहत

हेमंत सोरेन ने कहा कि महंगाई के कारण गरीब परिवार अपने बच्चों को पढ़ा नहीं पा रहे हैं. इसे देखते हुए झारखंड सरकार महिलाओं को हर माह ढाई हजार रुपये की सहायता दे रही है. सरकार हर वर्ग का ख्याल रख रही है. उन्होंने लोगों से कहा कि बच्चों को खूब पढ़ाएं और गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ लेकर उन्हें डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और पत्रकार बनाएं.

झारखंड के लोग अब बोका नहीं हैं

सीएम ने कहा कि पहले सामंतवादी ताकतें कहा करती थीं कि झारखंड नहीं बनना चाहिए. जब राज्य बना, तो कहा गया कि आदिवासी और झारखंडी शासन नहीं चला सकते. उन्हीं विचारधाराओं के शासन में स्कूल बंद हुए. उन्होंने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन ने सिखाया था कि अलग राज्य की तरह सत्ता परिवर्तन की लड़ाई भी लड़नी होगी. झारखंड विरोधियों को सत्ता से बाहर किया गया और अब राज्य के लोग शासन चलाना जानते हैं.

निकाय चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की अपील

मुख्यमंत्री ने झामुमो कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में पूरी ताकत से उतरने की अपील की. उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करना जरूरी है. विरोधियों को जहां मौका मिलेगा, वहीं चोरी करेंगे. इसलिए कहीं से भी उन्हें जीतने का अवसर नहीं मिलना चाहिए.

गरीब बच्चों के लिए जिला स्तर पर कोचिंग की तैयारी

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार गरीब बच्चों के लिए रांची में नि:शुल्क इंजीनियरिंग और मेडिकल कोचिंग चला रही है. जल्द ही इसे जिला स्तर पर भी शुरू किया जाएगा. सरकार चाहती है कि हर बच्चा पढ़े और खुद को मजबूत बनाए, ताकि परिवार और समाज दोनों आगे बढ़ें.

पहली बार गुरुजी के बिना स्थापना दिवस

यह झामुमो का पहला स्थापना दिवस था, जब मंच पर गुरुजी शिबू सोरेन मौजूद नहीं थे. मंच के बीच में उनके लिए कुर्सी लगाई गई थी, जिस पर उनकी तस्वीर रखी गई. ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो गुरुजी आज भी मंच पर मौजूद होकर कार्यकर्ताओं और जनता को देख रहे हों. सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

इसे भी पढ़ें: Dhanbad News: धनबाद में मजदूरों का हक मार रहीं 13 कंपनियां, डकार गईं 6 करोड़ का लेबर सेस

हेमंत सोरेन की चार बड़ी बातें

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुजी के बताए मार्ग पर चलेंगे तो देर ही सही, मंजिल जरूर मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा कि अब गैर झारखंडी भी खुद को झारखंडी कहने में गर्व महसूस करते हैं. आचार संहिता के कारण इस बार दिन में स्थापना दिवस मनाया गया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से निकाय चुनाव लड़ने का आह्वान किया.

इसे भी पढ़ें: गुरुजी का विजन और बढ़ता जनाधार झामुमो की असली ताकत, 1973 में मनाया गया था पहला स्थापना दिवस

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola