भटिंडा फॉल हादसे से सिजुआ में मातम, चाचा-भतीजे का अंतिम संस्कार
शव देखने जुटे ग्रामीणों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
सिजुआ के भटिंडा फॉल में एक दुखद घटना में चाचा-भतीजे की डूबने से मौत हो गई. जन्मदिन मनाने गए परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. स्थानीय क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है.
मुनीडीह स्थित भटिंडा फॉल में मंगलवार को डूबने से एक ही परिवार के चाचा-भतीजे की मौत के बाद पूरा सिजुआ और जोगता क्षेत्र शोक में डूब गया है. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिये. शव जोगता पहुंचते ही परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. हर तरफ गम और मातम का माहौल था.
जन्मदिन मनाने गये थे भटिंडा फॉल
जानकारी के अनुसार जोगता निवासी आयुष कुमार (17) शक्ति कॉलेज में विज्ञान का छात्र था. वह अपने चाचा प्राजीत तथा परिवार और दोस्तों के साथ मंगलवार को जन्मदिन मनाने भटिंडा फॉल गया था. जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गयीं, जब फॉल में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत हो गयी. दोनों को बचाने के लिए काफी प्रयास किये गये, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.
रुलाई और चीत्कार से गमगीन हुआ माहौल
बुधवार को मृतकों के घर के बाहर शोकाकुल लोगों की भीड़ लगी रही. आयुष की मां अपने बेटे का शव देखते ही बेसुध हो गयीं. परिवार के अन्य सदस्य और महिलाएं उन्हें संभालने में जुटी रहीं. वहीं प्राजीत की पत्नी और उनकी दोनों बेटियां भी रो-रोकर बेहाल थीं. परिजनों की चीख-पुकार सुन वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं.
पूरे इलाके में पसरा मातम
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों स्वभाव से मिलनसार थे और परिवार में खुशियों का माहौल था. किसी ने नहीं सोचा था कि जन्मदिन मनाने गया परिवार ऐसी त्रासदी का सामना करेगा. पड़ोसी और परिचित लगातार परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास करते रहे, लेकिन परिवार के लिए इस सदमे को सहन कर पाना मुश्किल था.
लिलोरी स्थान मुक्ति धाम में हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों का बुधवार दोपहर लिलोरी स्थान मुक्ति धाम में अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










