धनबाद मुनीडीह गैस कांड: मौत का आंकड़ा पहुंचा 4! जंगल में मिला एक और शव, लोहा चोरी के चक्कर में हुआ था हादसा

Published by : Sameer Oraon Updated At : 06 Apr 2026 6:07 PM

विज्ञापन

अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस, सेंट्रल अस्पताल के में चल रहा है बीमार पड़े लोगों का इलाज

Dhanbad Gas Leak Case: धनबाद के मुनीडीह स्थित बंद पड़े कैप्टिव पावर प्लांट में हुए भीषण क्लोरीन गैस रिसाव कांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है. सोमवार को लापता वसीम अंसारी का शव बाउंड्री के पास जंगल में मिलने से हड़कंप मच गया. पढ़ें, कैसे एक छोटी सी लापरवाही ने मुनीडीह में मौत का तांडव मचा दिया.

विज्ञापन

Dhanbad Gas Leak Case, धनबाद (प्रतीक पोपट की रिपोर्ट): धनबाद के मुनीडीह स्थित वर्षों से बंद पड़े कैप्टिव पावर प्लांट में शनिवार रात हुए क्लोरीन गैस रिसाव मामले में सोमवार को मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. सोमवार सुबह प्लांट की बाउंड्री से लगभग 20 मीटर दूर पूर्वी छोर के घने जंगल में एक और युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला. मृतक की पहचान केंदुआडीह राजपूत बस्ती निवासी 35 वर्षीय वसीम अंसारी के रूप में की गई है. शनिवार रात को जहरीली गैस के प्रभाव से वह बेहोश होकर जंगल की ओर गिर गया था, जिसकी तलाश जारी थी. इस दुखद खबर के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है.

लोहा चोरी की कोशिश और गैस कटर का जानलेवा प्रहार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात लगभग 15 युवक बंद पड़े प्लांट के परिसर में लोहा चोरी करने के उद्देश्य से अवैध रूप से घुसे थे. चोरों ने जैसे ही गैस कटर की सहायता से वहां रखी क्लोरीन गैस से भरी एक भारी टंकी को काटने का प्रयास किया, वैसे ही गैस का तीव्र रिसाव शुरू हो गया. जहरीली क्लोरीन गैस फैलते ही वहां उपस्थित युवकों में अफरा-तफरी मच गई. गैस की चपेट में आने से कई युवक मौके पर ही अचेत हो गए. घटना की रात ही बचाव दल ने संजय यादव, आनंद ताम्रकार उर्फ भोंदा और अजहरुद्दीन के शव बरामद कर लिए थे, जबकि वसीम का शव आज बरामद हुआ है.

Also Read: पलामू इंस्पायर अवार्ड में झारखंड में लगातार छठी बार अव्वल, छात्रों ने रचा नया इतिहास

आधा किलोमीटर तक मौत का साया, CISF जवान भी चपेट में

क्लोरीन गैस का प्रभाव इतना घातक था कि इसका असर प्लांट के करीब आधा किलोमीटर के दायरे तक देखा गया. इस जहरीली हवा की चपेट में आने से कपालघाट पंप हाउस में तैनात सीआईएसएफ (CISF) के तीन जवान दर्शन सिंह, विपिन कुमार और ज्ञान सिंह अचेत हो गए. इसके अतिरिक्त बीसीसीएल कर्मी पूना बाउरी और आउटसोर्सिंग कर्मचारी दुनिया लाल सिंह भी गंभीर रूप से बीमार पड़ गए. सभी घायलों का उपचार वर्तमान में धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में चल रहा है, जहां कुछ की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है.

सुरक्षा में चूक और खंडहर बना पावर प्लांट

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह पावर प्लांट कई वर्षों से बंद पड़ा है, हालांकि परिसर के एक हिस्से में ओएनजीसी द्वारा मिथेन गैस परीक्षण का कार्य संचालित है. प्लांट की पिछली चहारदीवारी के कई स्थानों से टूटे होने के कारण यह क्षेत्र असामाजिक तत्वों और कबाड़ चोरों के लिए ‘सॉफ्ट टारगेट’ बन गया है. ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि अवैध रूप से गैस टंकी काटने के दौरान यह रिसाव हुआ, जो इस जानलेवा हादसे का कारण बना. पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उस रात कुल कितने लोग परिसर के भीतर मौजूद थे.

Also Read: 40 साल बाद अपनों से मिले बिछड़े बुजुर्ग, आंखों में छलक पड़े खुशी के आंसू

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola