Deoghar News : संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Published by : ASHISH KUNDAN Updated At : 16 Oct 2025 7:51 PM

विज्ञापन

जसीडीह थाना क्षेत्र के चपरिया गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान चपरिया गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित यादव के रूप में की गयी है.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर : जसीडीह थाना क्षेत्र के चपरिया गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. गुरुवार सुबह पड़रिया गांव के समीप सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और परिजनों को दी. मौके पर पहुंची जसीडीह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक की पहचान चपरिया गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित यादव के रूप में की गयी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से खून से सने चाकू, कपड़े और कुछ निजी सामान भी बरामद किये गये हैं. प्रारंभिक जांच में गला रेतकर हत्या किये जाने की आशंका जतायी जा रही है. परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम रोहित को किसी काम के बहाने पास के गांव बुलाया गया था. देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. इसी बीच गुरुवार सुबह उसकी मौत की खबर मिली. रोहित यादव परिवार का बड़ा बेटा था और पिता के साथ मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने एक महिला समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. हालांकि हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. उन्होंने पुलिस को आरोपितों के नाम भी बताये हैं. जसीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू की जांच कर रही है. परिजनों के बताये गये नामों की पुष्टि की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है. साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल्स और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि हत्या की असली वजह का पता चल सके और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जायेगा. हाइलाइट्स -गला रेतकर हत्या की आशंका, सड़क किनारे मिला शव -चपरिया गांव का रहनेवाला था मृतक, एक महिला समेत तीन पर हत्या का संदेह -घटनास्थल से खून से सना चाकू, कपड़े और निजी सामान बरामद

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ASHISH KUNDAN

लेखक के बारे में

By ASHISH KUNDAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola