Deoghar News : फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर ठगी करते तीन साइबर आरोपित रंगेहाथ गिरफ्तार

Published by : ASHISH KUNDAN Updated At : 04 Nov 2025 7:23 PM

विज्ञापन

साइबर थाना की पुलिस ने तीन नवंबर को सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के भूरा गांव के समीप जंगल में छापेमारी की तथा मौके से तीन युवकों को रंगेहाथ साइबर ठगी करते गिरफ्तार कर लिया.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर : साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. एसपी सौरभ के निर्देश पर जिले भर में साइबर ठगों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में डीएसपी राजा मित्रा के निर्देश पर साइबर थाना की पुलिस ने तीन नवंबर को सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के भूरा गांव के समीप जंगल में छापेमारी की तथा मौके से तीन युवकों को रंगेहाथ साइबर ठगी करते गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों में पालोजोरी थाना क्षेत्र के कुमगढ़ा गांव निवासी इशाद अंसारी, फूल मोहम्मद व सारठ थाना क्षेत्र के चोरमारा गांव निवासी रुनझुन कुमार दास शामिल हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने इन आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और पांच सिमकार्ड बरामद किये हैं. गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया. पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी ई-कॉमर्स (ऑनलाइन शॉपिंग) कंपनियों के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेते थे. इसके अलावा वे गूगल पर फर्जी फोन-पे कस्टमर केयर अधिकारी बनकर भी ठगी करते थे. पीएम किसान योजना का लाभ दिलाने या लोन दिलाने के नाम पर भी वे आम लोगों से संपर्क कर ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.

जनवरी से अबतक 662 साइबर आरोपी पकड़ाये, 8815 मोबाइल जब्त

देवघर पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, जनवरी 2025 से अबतक 662 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा कई विधि विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है. आरोपितों के पास से अबतक कुल 8815 मोबाइल फोन और 1050 सिम कार्ड जब्त किये गये हैं. इनमें प्रतिबिंब आधारित 243 सिम कार्ड भी शामिल हैं. छापेमारी टीम में साइबर थाने के इंस्पेक्टर हरदियुस टोप्पो, एसआइ खुर्शीद आलम, पथरड्डा ओपी प्रभारी सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे.

हाइलाइट्स

प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश कराया गया, कोर्ट के निर्देश पर भेजे गये न्यायिक हिरासत में

आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और पांच सिमकार्ड बरामद

कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ऑनलाइन ठगी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ASHISH KUNDAN

लेखक के बारे में

By ASHISH KUNDAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola