Deoghar News : पीएम किसान योजना के नाम पर देते थे झांसा, तीन साइबर आरोपी गिरफ्तार
Published by : ASHISH KUNDAN Updated At : 20 Mar 2026 7:27 PM
कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
वरीय संवाददाता, देवघर : कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च को सोनारायठाढ़ी थानांतर्गत तिलोना गांव स्थित जंगल में गुप्त सूचना पर साइबर थाने की विशेष टीम ने छापेमारी की. मौके पर से सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के पिपरासोल गांव निवासी प्रमोद कुमार यादव, महापुर गांव निवासी कलाम अंसारी व सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी धनंजय दास को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड व नकद 5300 रुपये बरामद किये हैं. जानकारी के मुताबिक, पकड़े गये आरोपी ग्रामीणों को पीएम किसान योजना के तहत ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे. ये सभी खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताकर फोन करते थे और भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों को लिंक भेजते थे. लिंक पर क्लिक करते ही खाते से रुपयों की ठगी हो जाती थी. पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी फोन-पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देते थे और उनसे बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे. छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर थाना के इंस्पेक्टर नागेंद्र प्रसाद सिन्हा कर रहे थे, जिनके साथ एसआई अजय कुमार व अन्य सशस्त्र बल शामिल थे. आरोपितों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी. वहीं कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बताया गया कि धनंजय पूर्व में भी साइबर अपराध में जेल जा चुका है. जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर से साइबर अपराध शुरू कर दिया. हाइलाइट्स साइबर पुलिस ने आरोपितों को सोनारायठाढ़ी थानांतर्गत तिलोना गांव स्थित जंगल से किया गिरफ्तार आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड व नगद 5300 रुपये बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










