मिर्ची झोंककर दिनदहाड़े लूट: बंधन बैंक के रिकवरी एजेंट से नकदी, टैब और कागजात छीने
Published by : LILANAND JHA Updated At : 18 May 2026 7:07 PM
सारवां थाना की नारंगी पंचायत अंतर्गत भैयाडीह जंगल में घटना को दिया अंजाम
सारवां. थाना क्षेत्र की नारंगी पंचायत अंतर्गत भैयाडीह जंगल में बंधन बैंक के रिकवरी एजेंट से अज्ञात मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने आंखों में मिर्ची डालकर दिनदहाड़े बैग छीन लिया. छिनतई की घटना में 20,680 रुपये नकद और विभिन्न कागजात लेकर लुटेरे फरार हो गए. इस संबंध में रिकवरी एजेंट, सारठ थाना क्षेत्र के मंझीलाडीह गांव निवासी किशन कुमार रवानी ने सारवां थाने में आवेदन देकर बताया कि सोमवार सुबह के करीब 10:00 बजे वह पहरिडीह गांव से ऋण राशि का कलेक्शन कर वापस बंधन बैंक शाखा लौट रहे थे. इसी दौरान भैयाडीह और नारंगी गांव के बीच स्थित वन विभाग के जंगल में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनके चेहरे पर मिर्ची छिड़क दी. इसके बाद बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया तथा वाहन की डिक्की की भी तलाशी ली. पीड़ित के अनुसार बैग में रखे 20,680 रुपये नकद, सैमसंग कंपनी का एक टैब तथा अन्य जरूरी कागजात अपराधी लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित ने सारवां थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. वहीं, थाना प्रभारी संदीप कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है. जानकारी हो कि इससे पूर्व भी थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में इस तरह की घटनाएं घट चुकी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










