ePaper

Deoghar News : ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टेबाजी, देवघर में चार अंतरराज्यीय साइबर अपराधी गिरफ्तार

Updated at : 22 Jan 2026 8:44 PM (IST)
विज्ञापन
Deoghar News : ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टेबाजी, देवघर में चार अंतरराज्यीय साइबर अपराधी गिरफ्तार

नगर थाना की विशेष टीम ने अंबेडकर नगर, बरमसिया स्थित गीता कुंज आवास में छापेमारी कर ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टेबाजी और ठगी करने वाले चार अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर : देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है. एसपी सौरभ के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा के निर्देश पर 21 जनवरी को नगर थाना की विशेष टीम ने अंबेडकर नगर, बरमसिया स्थित गीता कुंज आवास में छापेमारी कर ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टेबाजी और ठगी करने वाले चार अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मीडिया सेल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में संदीप कुमार यादव, राजेश कुमार यादव, सुदीप कुमार यादव और रमेश कुमार यादव शामिल हैं, जो सभी बिहार के बांका जिला अंतर्गत कटोरिया थाना क्षेत्र के बड़वासनी व कालोपाथर गांव के रहने वाले हैं. ये आरोपी देवघर में किराये के मकान में रहकर संगठित गिरोह के रूप में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गीता कुंज आवास में कुछ युवक डायमंड एक्सचेंज बुक, हिटमैन बुक और लोटस बुक जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से तीनपत्ती, अंदर बाहर, रुम्मी, एविएटर, जेटक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, हार्स रेसिंग, पॉलिटिक्स, कबड्डी और इंटरनेशन कैसिनो, वॉलीबॉल जैसे खेलों में सट्टेबाजी कराकर आम लोगों से ठगी कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की. छापेमारी के दौरान कमरे से चारों युवक मोबाइल और लैपटॉप के साथ रंगेहाथ पकड़े गये. पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आकर्षक विज्ञापन देकर लोगों को फर्जी मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने के लिए प्रेरित करते थे. इसके बाद पीड़ितों से फर्जी खातों में पैसे ट्रांसफर कराये जाते थे. पुलिस ने आरोपितों के पास से दो लैपटॉप, सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड बरामद किये हैं. प्रारंभिक जांच में मोबाइल और लैपटॉप से साइबर ठगी से जुड़े व्हाट्सएप चैट, संदिग्ध बैंक खाते और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं. तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि बरामद एक मोबाइल नंबर के विरुद्ध एनसीसीआरपी पोर्टल पर पहले से ऑनलाइन शिकायत दर्ज है. पुलिस के अनुसार, गिरोह को मुंबई निवासी एक व्यक्ति द्वारा यूजर आइडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया गया था, जो व्हाट्सएप ग्रुप का एडमिन बनकर पूरे नेटवर्क की निगरानी करता था. सभी बरामद सामानों को विधिवत जब्त कर साइबर थाना कांड संख्या 14/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गयी है. छापेमारी टीम में नगर थाने के एसआइ मुकेश कुमार व सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे. हाइलाइट्स -गुप्त सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने नगर थानांतर्गत आंबेडकर नगर गीता कुंज में छापेमारी कर इन सभी को दबोचा -ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के नाम पर सट्टेबाजी और ठगी का आरोप, दो लैपटॉप, सात मोबाइल और 11 सिमकार्ड बरामद -सभी आरोपित रहने वाले हैं बिहार अंतर्गत बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के, कोर्ट में पेशी के बाद भेजा जेल -सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आकर्षक विज्ञापन देकर फंसाते थे लोगों को -फर्जी मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने के लिए प्रेरित करते थे, पीड़ितों से पैसे ट्रांसफर कराये जाते थे फर्जी खातों में -गिरोह को उपलब्ध कराया गया था मुंबई निवासी एक व्यक्ति द्वारा यूजर आईडी और पासवर्ड

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ASHISH KUNDAN

लेखक के बारे में

By ASHISH KUNDAN

ASHISH KUNDAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola