अनुमंडलीय अस्पताल मधुपुर से देवघर रेफर गर्भवती ने रास्ते में दिया बच्चे को जन्म
Published by : BALRAM Updated At : 23 May 2026 9:42 PM
मधुपुर: स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर उठे सवाल: रेफर के दौरान वाहन में हुआ प्रसव
मधुपुर. अनुमंडलीय अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए रेफर किये गये गर्भवती महिला देवघर जाने के क्रम में चांदडीह के निकट चलती वाहन में नवजात को जन्म दिया. इस घटना को लेकर मरीज के परिजन समेत अन्य लोग सोशल मीडिया के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर तरह-तरह के सवाल करते हुए चिकित्सा व्यवस्था की पोल खोल रहे है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि शहर के चांदमारी मोहल्ले की गर्भवती महिला को परिजनों ने प्रसव के लिए मधुपुर अनुमंडलीय अस्पताल में दाखिल कराया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पाया कि हीमोग्लोबिन तय मात्रा से कम है. ऐसे में सामान्य प्रसव कराने में खतरा है, जिसके बाद शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उसे बेहतर इलाज व प्रसव के लिए देवघर रेफर कर दिया. बताया जाता है कि परिजन उसे निजी वाहन से देवघर ले जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में चांदडीह के पास महिला का प्रसव हो गया. इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी क्लिनिक में दाखिल कराया. बताया जाता है कि दोनों की स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना के बाद महिला के परिजन समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता अस्पताल की व्यवस्था को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़ा कर रहे हैं.
क्या कहते हैं अस्पताल उपाधीक्षक
डॉ शाहीद ने बताया कि उन्होंने स्वयं गर्भवती महिला की जांच की थी. जांच में महिला का हीमोग्लोबिन 5.5 ग्राम पाया गया, जबकि एक माह पूर्व की जांच में यह 7 ग्राम था. खून की गंभीर कमी को देखते हुए महिला को सुबह लगभग 7:30 बजे देवघर रेफर कर दिया गया था और 108 एंबुलेंस के माध्यम से ले जाने की सलाह दी गयी थी. हालांकि परिजन महिला को एंबुलेंस के बजाय निजी वाहन से चोंगाखर स्थित एक डेली प्रैक्टिशनर के पास ले गए. वहां से उसे मधुपुर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां से भी उसे देवघर रेफर कर दिया गया. इसी दौरान, लगभग 12 बजे देवघर ले जाते समय रास्ते में ही महिला का प्रसव हो गया. डॉक्टर ने कहा कि गंभीर एनीमिया के कारण सामान्य प्रसव संभव नहीं था और स्थिति को देखते हुए समय पर देवघर पहुंचना जरूरी था. उन्होंने यह भी कहा कि यदि परिजन बिना देरी के सीधे रेफर पर देवघर ले जाते, तो अस्पताल में सामान्य प्रसव की संभावना रहती. डॉक्टर के अनुसार, यात्रा में हुई देरी के कारण स्थिति जटिल हुई, जबकि अस्पताल पर लगाये जा रहे आरोप गलत हैं.
हाइलार्ट्स : खून की कमी के चलते रेफर गर्भवती, यात्रा में ही हो गया प्रसव
चांदडीह के पास निजी वाहन में जन्मा नवजात, स्थिति सामान्य
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










