देवघर के आसमान में उतरेगा ‘शिवलोक’, सैकड़ों ड्रोन रचेंगे अद्भुत नजारा

Updated:
विज्ञापन

देवघर में श्रावणी मेले का आकर्षण बढ़ायेगा ड्रोन शो! 5 किमी के दायरे से देखें शिव भक्ति और तकनीक का अनूठा संगम.

विज्ञापन

देवघर. राजकीय श्रावणी मेला 2026 की भव्यता और दिव्यता को नया आयाम देने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से 24 अगस्त को देवघर के आसमान में लगातार दूसरी बार भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जायेगा. शाम 7 बजे के बाद शिवलोक परिसर से होने वाले इस अत्याधुनिक डिजिटल लाइट शो में स्वदेशी तकनीक और शिव भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है.

आपके शहर में

विज्ञापन

सैकड़ों ड्रोन से आसमान में उकेरी जायेंगी आकर्षक आकृतियां

डिजिटल रोशनी से सुसज्जित सैकड़ों ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे. इनके माध्यम से भगवान शिव, बाबा बैद्यनाथ और बाबाधाम की महिमा से जुड़ी विभिन्न आकर्षक एवं मनमोहक आकृतियां आसमान में उकेरी जायेंगी. ड्रोन शो के जरिए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ आधुनिक तकनीक की अद्भुत प्रस्तुति देखने को मिलेगी.

पांच किलोमीटर के दायरे में दिखेगा नजारा

पर्यटन विभाग के अनुसार ड्रोन शो को इस तरह तैयार किया गया है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर की परिधि से करीब पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले श्रद्धालु और आम नागरिक भी आसमान में होने वाली इस प्रस्तुति का आनंद ले सकेंगे. शाम के समय रोशनी से जगमगाते आसमान में बनने वाली आकृतियां श्रावणी मेले के आकर्षण को और बढ़ायेंगी.

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष नजर

ड्रोन शो को लेकर जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं. आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.

दूसरी बार हो रहा आयोजन, श्रद्धालुओं में उत्साह

लगातार दूसरी बार आयोजित होने जा रहा यह ड्रोन शो राजकीय श्रावणी मेला 2026 के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा. जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से इस भव्य तकनीकी और आध्यात्मिक प्रस्तुति का साक्षी बनने की अपील की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola