Deoghar News : जंगल में रच रहे थे साइबर ठगी की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
Deoghar News : जंगल में रच रहे थे साइबर ठगी की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

साइबर पुलिस की विशेष टीम ने पाथरौल थाना क्षेत्र के टंडेरी पुल के समीप जंगल में छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर : साइबर पुलिस की विशेष टीम ने पाथरौल थाना क्षेत्र के टंडेरी पुल के समीप जंगल में छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में करौं थाना क्षेत्र के डुमरथर गांव निवासी संतोष कुमार दास, शेखर कुमार दास व मधुपुर थाना क्षेत्र के नवापतरो गांव निवासी सुमन कुमार दास शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, पांच डेबिट कार्ड तथा तीन हजार रुपये नकद बरामद किये हैं. मोबाइल व सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर अपराध से जुड़े साक्ष्य मिले हैं. इस संबंध में साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, तीन जून को वरीय अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी पाथरौल थाना क्षेत्र के टंडेरी पुल के पास जंगल में साइबर ठगी की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन व कार्रवाई के लिए साइबर थाना के एसआइ अमर कुमार राम के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. कार्रवाई में पाथरौल थाना प्रभारी दिलीप बिलुंग, करौं थाना प्रभारी दीपक किशोर भारती तथा दोनों थानों की पुलिस टीम भी शामिल रही. घेराबंदी कर की गयी छापेमारी में तीनों आरोपितों को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया. पूछताछ में आरोपितों ने साइबर ठगी से जुड़े कार्यों में संलिप्त होने की बात स्वीकार की. वहीं तलाशी में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और नकद राशि बरामद किये गये. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि आरोपित खुद को फोन पे कस्टमर केयर अधिकारी, फ्लिपकार्ट और अमेजन के प्रतिनिधि तथा एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी के रूप में प्रस्तुत कर लोगों को झांसा देते थे. इसके अलावा वे विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के नाम पर भी लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. तकनीकी शाखा द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में जब्त मोबाइल से साइबर अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया. साइबर थाना पुलिस ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध साइबर ठगी और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हाइलाइट्स -पाथरौल थाना क्षेत्र के टंडेरी पुल के पास जंगल में गुप्त सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी की -आरोपितों के पास से चार मोबाइल, तीन सिम कार्ड, पांच डेबिट कार्ड व तीन हजार रुपये नकद बरामद -साइबर थाना में मामला दर्ज, कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपितों को भेजा गया जेल

विज्ञापन
आशीष कुंदन

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola