बोल बम के जयघोष से गूंजा बाबाधाम, केसरिया सैलाब में डूबा देवघर

Updated:
विज्ञापन

अहले सुबह बाबा मंदिर में भीड़ और रूट लाइन में लंबी कतार में खड़े कांवरिये | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में भक्तों का भारी सैलाब उमड़ा। बोल बम के जयघोष से गूंजा पूरा देवघर, प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाई।

विज्ञापन

संजीत मंडल की रिपोर्ट देवघर : ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से पूरा देवघर शिवभक्ति के पावन रंग में सराबोर हो चुका है. राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ के जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं का अद्भुत और अकल्पनीय जनसैलाब उमड़ पड़ा. चारों ओर केसरिया वस्त्रों में कांवरियों का हुजूम और गूंजते जयकारे बाबाधाम की भक्ति को और भव्य बना रहे हैं.

विज्ञापन

रात एक बजे ही लगी कांवरियों की कतार

दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण को लेकर कांवरियों का उत्साह चरम पर है. रात एक बजे ही कांवरियों की कतार नंदन पहाड़ से आगे बढ़ते हुए चमारीडीह पुल तक पहुंच गयी. कतार लगातार बढ़ती रही और रूटलाइन में श्रद्धालुओं का दबाव बना रहा. बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. कांवरियों के चेहरे पर थकान के बावजूद बाबा के दर्शन और जलार्पण की उत्सुकता साफ दिख रही थी.

ये भी पढ़ें: दूसरी सोमवारी पर देवघर में उमड़ा जन आस्था का सैलाब, रूट लाइन में अफरातफरी

हर ओर बोल बम का जयघोष

बाबाधाम की ओर बढ़ते कांवरियों के कदमों के साथ पूरा मेला क्षेत्र ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज रहा है. सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल पहुंचे कांवरियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय और दूर-दराज से आये श्रद्धालु भी दूसरी सोमवारी पर बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचे हैं. केसरिया सैलाब ने देवघर की सड़कों, रूटलाइन और आसपास के मेला क्षेत्र को पूरी तरह शिवमय कर दिया है.

ये भी पढ़ें: बाबा बैद्यनाथ धाम में कूपन दर्शन बंद, उमड़ी कांवरियों की भीड़

सुरक्षा और सुविधाओं पर प्रशासन की नजर

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूटलाइन, कांवरिया पथ, होल्डिंग प्वाइंट और क्यू कॉम्प्लेक्स में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने अहले सुबह मेला क्षेत्र और रूटलाइन का निरीक्षण कर सुरक्षा, कतार प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिस जवानों को सेवा भाव, धैर्य और संयम के साथ श्रद्धालुओं का सहयोग करने तथा हर समय एक्टिव मोड में रहने का निर्देश दिया.

जगह-जगह सहायता शिविर

स्वास्थ्य कैंप, सूचना-सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस व ट्रैफिक ओपी सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को भी निरंतर रखने को कहा गया है. दूसरी सोमवारी पर उमड़ी आस्था की यह भीड़ फिलहाल पूरे बाबाधाम को एक विशाल शिवभक्ति के उत्सव में बदल चुकी है.



आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola