सारवां पुलिस ने नकली बीज बेचने वाले को पकड़ा, 14 पैकेट नकली बीज जब्त

Updated:
विज्ञापन
सारवां पुलिस ने नकली बीज बेचने वाले को पकड़ा, 14 पैकेट नकली बीज जब्त

ब्रांड नाम का दुरुपयोग कर नकली बीजों की आपूर्ति कर रहे हैं दुकानदार

विज्ञापन

सारवां प्रखंड क्षेत्र में नकली बीजों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए मंगलवार को पुलिस व कंपनी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया. यह कार्रवाई एडवांटा इंटरप्राइजेज के सहायक प्रबंधक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गयी, जिसमें बताया गया था कि क्षेत्र के कुछ दुकानदार बड़े पैमाने पर भिंडी, करेला, कद्दू सहित अन्य सब्जियों के नकली बीज बेच रहे हैं. इन बीजों के कारण किसानों को बार-बार नुकसान उठाना पड़ रहा था. सूचना की पुष्टि कंपनी के द्वारा अपने स्तर पर जांच के बाद की गयी. इसके पश्चात थाना प्रभारी कौशल कुमार सिंह को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस टीम और कंपनी अधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न बीज दुकानों पर छापेमारी की गयी. इसी क्रम में भंडारों स्थित एक बीज दुकान पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भिंडी के 14 पैकेट नकली बीज बरामद किए, जो एडवांटा कंपनी के नाम से बेचे जा रहे थे. मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाना लाया गया है. कंपनी के सहायक प्रबंधक संजय कुमार ने थाने में लिखित आवेदन देकर संबंधित आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में कुछ लोग कंपनी के ब्रांड नाम का दुरुपयोग कर नकली बीजों की आपूर्ति कर रहे हैं, जो ट्रेडमार्क उल्लंघन का स्पष्ट मामला है. नकली बीजों के उपयोग से फसलों के अंकुरण व उत्पादन क्षमता पर नकारात्मक असर पड़ रहा है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हो रही है. साथ ही इससे कंपनी की छवि भी प्रभावित हो रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बीज दुकान के संचालक की गिरफ्तारी कर मामले की छानबीन की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी.

विज्ञापन
Lilanand Jha

लेखक के बारे में

By Lilanand Jha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola