चतरा: बच्चे के साथ बाजार जा रहा था युवक, रास्ते में घेरकर मारी गोली; हजारीबाग रेफर
सदर अस्पताल में लगी भीड़, घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी | Prabhat Khabar Network
चतरा के कुरैशी मुहल्ला में आपसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई. गंभीर हालत में उसे हजारीबाग रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
चतरा: चतरा के कुरैशी मुहल्ला में रविवार को आपसी विवाद के बाद एक युवक को गोली मार दी गयी. गोली लगने से शहजाद कुरैशी (पिता सेराज कुरैशी) गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली उसकी जांघ में लगी है. इसके अलावा धारदार हथियार से हमला किये जाने के कारण उसके हाथ और पैर में भी चोट आयी है.
परिजन गंभीर हालत में शहजाद को चतरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग रेफर कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मवेशी चोरी को लेकर हुई थी समाज की बैठक
जानकारी के अनुसार, इलाके में बढ़ती मवेशी चोरी की घटनाओं को लेकर रविवार को कुरैशी समाज की बैठक आयोजित की गयी थी. बैठक में अनवर उर्फ नेपाली को कुछ दिनों के लिए समाज से अलग रखने का निर्णय लिया गया. इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गयी.
बताया जाता है कि बैठक समाप्त होने के कुछ देर बाद शहजाद अपने बच्चे के साथ बाजार की ओर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
गोली मारने के बाद धारदार हथियार से हमला
आरोप है कि मारपीट के दौरान शब्बीर उर्फ कोका ने शहजाद पर गोली चला दी. गोली उसकी जांघ में लगी. इसके बाद उस पर धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिससे उसके हाथ और पैर में चोट आयी.
घटना के बाद आसपास के लोगों के पहुंचने पर हमलावर वहां से फरार हो गये. घायल शहजाद को परिजन तत्काल सदर अस्पताल लेकर गये. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हजारीबाग रेफर कर दिया.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. घायल और उसके परिजनों की ओर से शब्बीर उर्फ कोका, समीर, अकबर समेत अन्य लोगों पर गोली चलाने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच कर रही है. साथ ही आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और गोली चलाने के लिए हथियार कहां से आया.
घटना के बाद कुरैशी मुहल्ला में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है. फिलहाल घायल युवक का इलाज हजारीबाग में चल रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए