राखी खरीदकर लौट रही महिला के गले से सोने की चेन झपटी, हेलमेट पहने बदमाश फरार
छिनतई करते बाईक सवार | Prabhat Khabar Network
चतरा के झुमड़ा मुहल्ला में बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
चतरा. शहर के झुमड़ा मुहल्ला स्थित वाइन गोदाम के समीप शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गये. पीड़िता की पहचान झुमड़ा मुहल्ला निवासी ममता तांबी (पति संदीप तांबी) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार ममता तांबी राखी खरीदने के लिए बाजार गयी थीं. खरीदारी करने के बाद वह वापस अपने घर लौट रही थीं.
इसी दौरान विपरीत दिशा से एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था. बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज गति से फरार हो गये. चेन छीनने के दौरान महिला के गले पर हल्की खरोंच भी आयी. घटना के बाद महिला ने सदर थाना पहुंचकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आवेदन दिया और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की.
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाला जा रहा है. जिसके आधार पर छिनतई करने वाले अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मो. तसलीम
मो. तसलीम चतरा से 29 साल से प्रभात खबर के साथ जुड़े हैं. क्राइम रिपोर्टिंग, भ्रष्टाचार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि है. निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना इनकी पहचान है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








