गांव में नहीं है पक्की सड़क, रिश्ता करने से कतराते हैं लोग

Author Praveen
Updated:
विज्ञापन

हंटरगंज प्रखंड के सजनी और मानामात गांव का आज तक समुचित विकास नहीं हो पाया है. गांव में जाने के लिए सड़क नहीं है. हर वर्ष ग्रामीण श्रमदान कर आवागमन के लिए छह किलोमीटर रास्ता बनाते हैं.

विज्ञापन

कुंदा. हंटरगंज प्रखंड के सजनी और मानामात गांव का आज तक समुचित विकास नहीं हो पाया है. गांव में जाने के लिए सड़क नहीं है. हर वर्ष ग्रामीण श्रमदान कर आवागमन के लिए छह किलोमीटर रास्ता बनाते हैं. इस साल भी पिछले तीन दिनों से ग्रामीण रास्ता बनाने में जुटे हुए हैं. इस कार्य में बच्चे, युवा, महिला-पुरुष सभी लगे हुए हैं. गांव में पक्की सड़क नहीं होने से युवक-युवतियों की शादी नहीं हो पा रही है. मेहमान आते हैं, लेकिन सड़क नहीं रहने की बात कह कर शादी से इनकार कर देते हैं. युवक-युवतियों का उम्र ढलती जा रही है. सड़क के अभाव में लोग पगडंडियों के सहारे आवागमन करते हैं. सबसे अधिक परेशानी बरसात के मौसम में होती है. कच्ची सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. बीमारों व गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर लिटा कर छह किलोमीटर पैदल चल कर पक्की सड़क तक ले जाना पड़ता है. वहां पहुंचने के बाद ही वाहन मिलता है. यहां के लोगों की जिंदगी भगवान भरोसे है.

क्या कहते हैं लोग

निरशो कुमारी, रूपा कुमारी व सूचित कुमार ने बताया कि गांव में सड़क नहीं है, जिसके कारण काफी परेशानी होती हैं. इलाज के लिए अस्पताल ले जाने और बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है. जब-जब चुनाव आता है, नेता वोट मांगने चले आते हैं. चुनाव के वक्त सभी सड़क बनाने का वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद भूल जाते हैं. सड़क के अभाव में कई युवक-युवतियों की शादी नहीं हो पायी है. भीम महतो ने कहा कि सड़क नहीं रहने के कारण गांव का विकास नहीं हो पा रहा है. सड़क बनाने की ओर किसी का ध्यान नहीं है.

सड़क की समस्या दूर होगी : विधायक

विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि सजनी-मानामात गांव को पक्की सड़क से जोड़ा जायेगा. सड़क बना कर ग्रामीणों की समस्या दूर की जायेगी. अब तक गांव का विकास नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Praveen

लेखक के बारे में

By Praveen

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola