चतरा में ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, 3 अपराधी गिरफ्तार; कट्टा-कारतूस और बाइक बरामद

Updated:
विज्ञापन

प्रेस कांफ्रेंस करते डीएसपी मुख्यालय | Prabhat Khabar Network

चतरा में सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक से लूट और फायरिंग मामले का पुलिस ने चार दिन में खुलासा कर दिया. पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है.

विज्ञापन

चतरा: वशिष्ठ नगर पुलिस ने सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक से लूटपाट और फायरिंग की घटना का महज चार दिनों में खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में हंटरगंज थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी अमित कुमार, वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के छोटकी जोरी गांव निवासी बिट्टू कुमार और करैलीबार गांव निवासी रोहित कुमार शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक (बीआर 02 बीयू 6059) बरामद की है.

इसकी जानकारी डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने बुधवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि सात अगस्त की देर शाम कोन गांव के पास कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ जोरी के समीप सरस्वती ज्वेलर्स के संचालक मृत्युंजय कुमार वर्मा से अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट की थी. अपराधियों ने ज्वेलर्स संचालक से मोबाइल और सोने की चेन लूट ली थी. घटना के बाद मृत्युंजय कुमार वर्मा ने अपराधियों का पीछा किया, तो भाग रहे अपराधियों ने फायरिंग कर दी. मामले में वशिष्ठ नगर थाना में कांड संख्या 117/26 दर्ज किया गया था.

ये भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश में चतरा के मजदूर की ट्रेन से कटकर मौत

एसपी ने गठित की थी छापामारी टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापामारी टीम गठित की थी. टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर छापामारी करते हुए मंगलवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अमित कुमार की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और अपाची बाइक बरामद की गयी. घटनास्थल से भागने के दौरान अपराधियों का छूटा हुआ चप्पल भी पुलिस ने बरामद किया था. बरामद एक जोड़ी चप्पल गिरफ्तार अमित कुमार की बतायी गयी है.

अन्य आरोपियों और लूटे सामान की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी और लूटे गये सामान की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है. छापामारी टीम में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह के अलावा पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक शिवा यादव, एएसआइ विजय कुमार समेत जिला बल के जवान शामिल थे.

ये भी पढ़ें- स्वतंत्रता दिवस समारोह के फुल ड्रेस रिहर्सल का DC और SP ने निरीक्षण किया

अमित का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अमित कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. वह लूटपाट के मामलों में पहले भी जेल जा चुका है. उसके खिलाफ हंटरगंज थाना में एक, बिहार के शेरघाटी थाना में दो और बहेरा ओपी में लूटपाट से संबंधित एक मामला दर्ज है. पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.


विज्ञापन
Dinbandhu Thakur

लेखक के बारे में

By Dinbandhu Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola